हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेंवि) में 24 फरवरी को विद्यार्थियों के लिए दीक्षांत कार्यक्रम होगा। विश्वविद्यालय में ऑनलाइन आयोजित हो रहे इस कार्यक्रम में गुरुग्राम विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. मारकंडेय आहूजा, राष्ट्रीय पुस्तक न्यास के निदेशक लेफ्टिनेंट कर्नल युवराज मलिक विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आरसी कुहाड़ ने विद्यार्थियों को नए सत्र की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय उत्कृष्ट शिक्षा एवं विद्यार्थियों को श्रेष्ठ मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी कड़ी में यह विद्यार्थी प्रेरणा कार्यक्रम नए विद्यार्थियों में शिक्षा के प्रति नई ललक पैदा करेगा, जिससे भविष्य में उनका लक्ष्य प्राप्त करने का मार्ग प्रशस्त होगा।
विश्वविद्यालय छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. दिनेश गुप्ता, उप छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. मोनिका, डॉ. आनंद शर्मा ने बताया कि अभिप्रेरण कार्यक्रम के माध्यम से शैक्षणिक सत्र 2020-21 में पंजीकृत हुए नए विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली से अवगत कराया जाएगा। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों के जीवन को नयी राह दिखाना है जिसके लिए विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. आर.सी. कुहाड़ के साथ-साथ विशेषज्ञ वक्ताओं के विचार सुनने को मिलेंगे। प्रो. दिनेश गुप्ता ने बताया कि विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आयोजित हो रहे इस कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलसचिव, प्रॉक्टर छात्र कल्याण अधिष्ठाता, प्रोवोस्ट, शैक्षणिक अधिष्ठाता, शोध अधिष्ठाता आदि भी संबोधित करेंगे। उनके भविष्य निर्माण संबंधी सुविधाओं, संभावनाओं से अवगत कराएंगे।