फोटो संख्या:71- वार्ड नंबर तीन में सड़क निर्माण कार्य की तांच करते वार्ड पार्षद व अधिकारी--संव
महेंद्रगढ़। शहर के मोहल्ला नीमड़ी नीचे से पड़ाव मोहल्ला तक सड़क निर्माण कार्य को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। सड़क को पुनर्निर्माण के लिए उखाड़ने के बाद चार दिन पहले रोहड़ी और मिट्टी डाल दी गई थीं। रविवार को ठेकेदार की ओर से सड़क पर टाइल लगाने का कार्य शुरू कर दिया गया, लेकिन स्थानीय निवासियों ने इस पर आपत्ति जताई।
मोहल्ला निवासियों का कहना है कि सड़क की ऊंचाई बढ़ने से उनके घर नीचे हो जाएंगे और बारिश के दिनों में पानी भरने की समस्या उत्पन्न होगी। पहले भी नगर पालिका की ओर से लगाई गई टाइलें सड़क के निचले स्तर पर थी, लेकिन अब नई टाइलें ऊंची लगाई जा रही हैं। मौके पर वार्ड नंबर 4 के पार्षद प्रतिनिधि अश्वनी सोनी पहुंचे और निर्माण कार्य को रुकवा दिया। इसके बाद मौके पर पहुंचे नगर पालिका के जेई नवदीप ने निरीक्षण किया, जिसमें टाइलों में खामियां पाई गईं।
उन्होंने मोहल्ला निवासियों कि समस्या सुनते हुए आदेश दिया कि पहले सड़क का जो धरातल वहीं टाइल लगाई जाएं, ताकि आमजन को असुविधा न हो सके। स्थिति को देखते हुए नगरपालिका प्रधान रमेश सैनी और वार्ड नंबर 3 के पार्षद अशोक सैनी भी मौके पर पहुंचे और लोगों की समस्याओं को सुना। उन्होंने सड़क मार्ग का जायजा लेकर उचित समाधान निकालने का आश्वासन दिया। इस दौरान प्रेम कुमार, राधाकृष्ण, अरुण, लाला सहित कई स्थानीय लोग मौजूद रहे।