नांगल चौधरी। वार्ड नंबर 11 में पिछले कुछ दिनों से सीवर लाइन जाम होने की समस्या लगातार बनी हुई है। सीवर ओवरफ्लो होने से दूषित पानी की निकासी न होने जाने से सड़कों पर जलभराव होना शुरू हो गया है। इससे न सिर्फ बदबू फैल रही है, बल्कि मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ रहा है।
सीवर लाइन जाम की वजह से वार्ड के लोगों को घर से निकलने में भी दिक्कत हो रही है। अब बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है। वार्ड के लोगों का कहना है कि विभाग को कई बार शिकायत भी की गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। वार्ड के लोगों को बारिश के मौसम में हालत और बिगड़ने का डर सता रहा है। उनका कहासा है कि समस्या का स्थायी समाधान किया जाए।
वार्ड नंबर 11 के वही सीवर जाम हैं, जिसकी सफाई के लिए दो कर्मचारियों को बिना कोई सेफ्टी किट पहनाए चेंबर में उतारा गया था। जहरीली गैस के कारण दम घुटने के कारण दोनों की मौत हो गई थी। सोनू तंवर, गोपी सोनी, सोमदत्त जांगिड, टिक्कम पडिंत, केदार शर्मा, लीलाराम आदि वार्ड के लोगों ने बताया कि पिछले कई दिनों से वार्ड नंबर 11 में सीवर लाइन ओवरफ्लो होने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। कई घरों में तो गंदा पानी घुस गया है। लोगों ने खुद ही बाल्टी और झाडू से पानी निकाला।
सीवर ओवरफ्लो होने की जानकारी है। जहां सीवर ओवरफ्लो की समस्या है वहां पहले हादसा भी हो चुका है। इसके समाधान के लिए टेंडर लगा दिए हैं। जैसे ही टेंडर किसी भी एजेंसी को अलॉट होता है वैसे ही तुरंत प्रभाव से सीवर को साफ करवाने का कार्य शुरू करवा दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि शहर में और भी तीन से चार जगह सीवर ओवरफ्लो की समस्या है।
गोविंद हुड्डा, जेई जनस्वास्थ्य विभाग।