नारनौल। शहर की एक मात्र पॉश कालोनी हुडा सेक्टर में लंबे संघर्ष के बाद करीब 15 साल बाद भी सड़कों का निर्माण कार्य तीन महीने पहले शुरू हुआ था। हुडा सेक्टर में सड़क निर्माण कार्य शुरू होने से यहां के निवासियों में काफी खुशी थी। परन्तु अब एक महीने से यह कार्य बंद है और हुडा सेक्टर की अभी भी अनेक गलियों का निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है। हुडा सेक्टर में यह सड़क करीब साढ़े 3 करोड़ रुपये की लागत से बनाई जानी थी। फिलहाल आधे अधूरे पड़े सड़क निर्माण को लेकर यहां लोगों में रोष भी व्याप्त है जिसे लेकर सेक्टर के लोगों ने इस बार जनपरिवेदना समिति की बैठक में अपनी शिकायत को रखा था। सेक्टर में करीब साढ़े तीन करोड़ रुपये की लागत होने वाले सड़क निर्माण में लोगों द्वारा ठेकेदार पर सामग्री में अनियमितताएं बतरने का आरोप लगाया था। इसके बाद सड़क निर्माण कार्य को रोक दिया गया था। करीब एक महीने से काम बंद रहने व सड़क निर्माण की जांच जल्द करवाने को लेकर को लेकर हुडा सेक्टर की प्रधान पंकज यादव द्वारा इस समस्या को जनपरिवेदना समिति की बैठक में रखा गया। सेक्टर की प्रधान ने मांग करते हुए कहा था कि सड़क के जो सैंपल लिए गए थे उनकी जांच करवा कर बाकि सड़कों का जल्द निर्माण करवाया जाए। उन्होंने बताया कि जहां सड़क बनाई गई है वहां से भी रोड़ियां निकलनी शुरू हो गई है। उन्होंने सेक्टर की पूरी सड़क को ठीक प्रकार से बनाने की मांग रखी।
क्या कहते हैं पार्षद-
सेक्टर के अधूरे पड़े सड़क निर्माण को लेकर पार्षद कपिल यादव ने बताया कि सड़क निर्माण कार्य की जांच चल रही है और जब तक वह पूरी नहीं हो जाती तब तक आगे का निर्माण नहीं हो सकता। सड़क निर्माण कार्य बेहतर व जल्द हो इसके लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
वर्जन-
इस निर्माण में खामियों के चलते लोगों की शिकायत पर सड़क के सैंपल लिए गए थे। वहीं सड़क निर्माण एजेंसी की पेमेंट भी अभी रोक दी गई है। कार्य की जांच चल रही है जैसे ही पूरी होगी यह कार्य शुरू करवा दिया जाएगा।
आनंद शर्मा। डीएमसी नगर परिषद