महेंद्रगढ़। बजट के अभाव में राजकीय महाविद्यालय के नए प्रशासनिक भवन का निर्माण छह माह से रुका है। नए प्रशासनिक भवन में प्राचार्य कक्ष, कंप्यूटर कक्ष, स्टाफ रूम, प्रतीक्षालय बनाए जाएंगे। पहले प्रशासनिक भवन का निर्माण 80 लाख रुपये में किया जाना था लेकिन अब इसका बजट बढ़ गया है। इसके चलते 2.11 करोड रुपये का रिवाइज एस्टीमेट शिक्षा विभाग को भेजा गया है।
रिवाइज एस्टीमेट स्वीकृत होने के बाद निर्माण कार्य शुरू करवाया जाएगा। वर्तमान में प्रथम तल का कार्य अधर में लटका है। महाविद्यालय की ओर से निर्माण शुरू करवाने को लेकर विभाग व लोग निर्माण विभाग को कई पत्र भेजे जा चुके हैं लेकिन कार्य अभी तक शुरू नहीं हो पाया है।
लंबे समय से महाविद्यालय में प्रशासनिक भवन की मांग की जा रही थी। आठ माह पहले लोक निर्माण विभाग ने ठेकेदारों को भवन निर्माण कार्य शुरू करवाने के बारे में तीन बार नोटिस दिया गया था। उसके बाद ठेकेदार ने कार्य शुरू किया।
निर्माणाधीन भवन की नींव भरकर बिजली व पानी फिटिंग का एस्टीमेट का बहाना बनाकर काम को रोक दिया गया। ठेकेदार का कहना था कि बिजली व पानी की फिटिंग का एस्टीमेट इस टेंडर में नहीं जोड़ा गया था।
महाविद्यालय में प्रशासनिक भवन बनाने के लिए वर्ष 2019 में स्वीकृति मिली थी। इसके बाद लंबी प्रक्रिया चली व कालेज प्रबंधन ने लोक निर्माण के खाते में यह राशि डाल दी। लोक निर्माण विभाग के जिम्मेदारों का दावा है कि स्वीकृति मिलते ही काम पुन: शुरू कराया जाएगा।
वर्ष 1972 में बने भवन में चल रहा है काम
कॉलेज का प्रशासनिक भवन बहुत पुराना है। इसका निर्माण भी वर्ष 1972 में किया गया था। समय के साथ-साथ राजकीय महाविद्यालय में विद्यार्थियों एवं स्टाफ की संख्या बढ़ती गई लेकिन भवन नहीं होने से स्टाफ के साथ-साथ विद्यार्थियों को भी परेशानी उठानी पड़ रही थी। रूसा योजना के तहत मिले ग्रांट से निर्माण शुरू कराया गया था। नए प्रशासनिक भवन में एक प्राचार्य कक्ष, रिटायरिंग रूम एवं लिपिक वर्गीय स्टाफ के लिए कार्यालय होगा।
-
वर्जन... 1
राजकीय महाविद्यालय महेंद्रगढ़ प्रशासनिक भवन का कार्य पिछले छह माह से रुका है। भवन का कार्य शुरू करवाने को लेकर लोक निर्माण विभाग की ओर से तीन से चार बार पत्र लिखा जा चुका है। -प्रो. पूर्ण प्रभा, प्राचार्य, राजकीय महाविद्यालय महेंद्रगढ़
-
वर्जन...2
पिछले कुछ महीनों से रिवाइज एस्टीमेट को लेकर राजकीय महाविद्यालय महेंद्रगढ़ में प्रशासनिक भवन का निर्माण कार्य रुका हुआ है। जल्द ही राजकीय महाविद्यालय महेंद्रगढ़ का प्रशासनिक भवन का निर्माण कार्य शुरू करवा दिया जाएगा।- अनिल कुमार, जेई, लोक निर्माण विभाग महेंद्रगढ़