कनीना। कनीना में 17 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले लघु सचिवालय का निर्माण तीन वर्षों में भी पूरा नहीं हो पाया है। वर्ष 2015 में तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहरलाल द्वारा इसकी घोषणा की गई थी।
घोषणा के पांच साल बीतने के बाद ही जिम्मेदार इसके लिए भूमि का चयन कर पाए थे। इसके बाद तीन मार्च 2019 काे तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहरलाल द्वारा चंडीगढ़ से ही ऑनलाइन शिलान्यास किया गया था। वर्चुअल शिलान्यास के बाद जिम्मेदारों ने लघु सचिवालय के भवन का निर्माण कार्य शुरू कराने में ही तीन वर्ष का समय लगा दिया। करीब सात एकड़ भूमि पर बनने वाले इस भवन के लिए 17.18 करोड़ का बजट तय किया गया था।
यह बाधांए तय समय में नहीं हो पाई दूर
प्रशासन व राजस्व विभाग की ओर से चयनित इस भूमि पर सैनिक विश्रामगृह बना हुआ था। साथ ही अवैध कब्जाें की भरमार थी। इसे जिम्मेदार तय समय में नहीं हटवा पाए थे। इसके बाद काफी दिनों तक कार्य अटका पड़ा रहा था। अब जिम्मेदारों का दावा है कि अगस्त माह तक तीन मंजिला भवन के प्रथम तल का काम पूरा करके लोक निर्माण विभाग के हैंडओवर कर दिया जाएगा। हालांकि भवन निर्माण इस वर्ष भी पूरा नहीं हो पाएगा। क्योंकि वर्तमान समय में कछुआ गति से चल रहे निर्माण कार्य के चलते दिसंबर माह तक पूरा करना किसी चुनौती से कम नहीं है। लगातार आने वाली बाधाओं के कारण लगातार इसके निर्माण में दो-चार माह का समय बढ़ता गया।
यह मिलनी थी सुविधाएं
उपमंडल में बनाए जा रहे लघु सचिवालय के प्रथम तक पर प्रशासनिक कार्यालय शुरू किए जाने थे। पुलिस, प्रशासन व सरल केंद्र जैसे कार्यालयों के लिए भी प्रथम तल पर शुरू करने की योजना बनी थी। इसके अलावा तहसीलदार व एसडीएम की अदालत भी प्रथम तल पर शुरू की जानी थी। लघु सचिवालय में अधिकांश विभागों के कार्यालय शुरू किए जाने थे लेकिन धीमी गति से चल रहे निर्माण एवं जिम्मेदारों की ओर से नियमित रूप से निगरानी के अभाव में ठेकेदार भी मनमर्जी से काम कर रहा है जिसके कारण क्षेत्र के लोगों को पुराने भवन में सुविधाओं के अभाव में परेशानियों का सामना करने को मजबूर होना पड़ रहा है।
ठेकेदार का दावा अगस्त में तैयार हो जाएगा प्रथम तल
निर्माण कार्य कर रही एजेंसी के संचालक सुनील कुमार का कहना है कि भवन की जमीन पर सैनिक विश्रामगृह बना हुआ था। इसके कारण लंबे समय से इसका समाधान नहीं हुआ था। इससे निर्माण कार्य कुछ समय के लिए बंद कर दिया गया था। अब सभी प्रकार की बाधाएं दूर हो चुकी हैं। अगस्त माह के अंतिम सप्ताह तक प्रथम तल तैयार कर दिया जाएगा। दिसंबर माह तक सभी कार्य पूरे कर लिए जाएंगे।
लघु सचिवालय भवन का कार्य अंतिम चरण चल रहा है। हालांकि कुछ बाधाएं आने से कार्य में देरी हुई है, लेकिन अगस्त माह तक प्रथम तक का काम पूरा कर इसमें कार्यालय शुरू कर दिए जाएंगे। नियमित रूप से भवन निर्माण कार्य की निगरानी की जा रही है। उम्मीद है कि दिसंबर माह तक सभी कार्य पूरे हो जाएंगे।
सुरेंद्र सिंह, उपमंडल अधिकारी कनीना।