फोटो संख्या:74- नगर पालिका कार्यालय के सामने सार्वजनिक शौचालय का निर्माण करते मजदूर-संवाद
महेंद्रगढ़। शहर में सार्वजनिक शौचालयों की कमी से परेशान लोगों को जल्द राहत मिलने वाली है। नगर पालिका की ओर से शहर के 11 प्रमुख स्थानों पर सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण कार्य शुरू करवाया गया है। इन शौचालयों के निर्माण पर करीब 60 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। शौचालय बनने के बाद बाजार क्षेत्रों में आने वाले लोगों, दुकानदारों और विशेषकर महिलाओं को खुले में पेशाब करने की मजबूरी से निजात मिलेगी।
नगरपालिका की ओर से सार्वजनिक शौचालयों के लिए ऐसे स्थानों का चयन किया गया है, जहां दिनभर लोगों की आवाजाही अधिक रहती है। वर्तमान में इन क्षेत्रों में पर्याप्त सार्वजनिक सुविधाएं नहीं होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। बाजारों में खरीदारी के लिए आने वाली महिलाओं के साथ दुकानदारों को भी शौचालय की सुविधा नहीं मिल पाती थी।
शहर के मसानी चौक, सैनीपुरा, राजकीय मॉडल संस्कृत के नजदीक, नगरपालिका कार्यालय के नजदीक, बस स्टैंड के सामने सहित अन्य स्थानों पर सार्वजनिक शौचालय बनाया जाएगा। निर्माण पूरा होने के बाद इन शौचालयों की नियमित साफ-सफाई और रखरखाव की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि लोगों को लंबे समय तक सुविधा मिल सके।
नगर पालिका की ओर से उम्मीद जताई जा रही है कि सभी 11 स्थानों पर शौचालयों का निर्माण निर्धारित अवधि में पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद शहर के प्रमुख बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता व्यवस्था में भी सुधार होगा।
-
वर्जन:
सार्वजनिक शौचालय का निर्माण कार्य निर्धारित योजना के अनुसार शुरू कर दिया गया है। संबंधित एजेंसी को काम समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। शौचालय बनने के बाद आमजन व दुकानदारों को फायदा होगा।-रमेश सैनी, प्रधान, नगर पालिका महेंद्रगढ़।