बिजली का बिल नहीं भरने वालों की अब खैर नहीं। अगर डिफाल्टरों ने 30 सितंबर तक बिजली बिल नहीं भरा है तो एक अक्तूबर से निगम उनके बिजली कनेक्शन काट देगा। अभी तक यह कार्रवाई 50 हजार रुपये से अधिक बिल वालों पर होगी। महेंद्रगढ़ डिविजन के अंदर लगभग 758 डिफाल्टरों का 50 हजार रुपये से अधिक बिल बकाया है। इन उपभोक्ताओं पर कुल बकाया बिल का 50 प्रतिशत पैसा बकाया है। सब डिविजन का ओवरऑल उपभोक्ताओं की ओर लगभग 18 करोड़ रुपये बकाया है। इनमें लगभग 9 करोड़ रुपये तो सरकारी कार्यालयों की ओर भी पेंडिंग हैं। पहले चरण के अभियान में विभाग ने बड़े डिफाल्टरों को शामिल किया है।
बता दें कि सरकार के आदेश के बाद बिजली निगम अलर्ट हो गया है। निगम की ओर से 50 हजार रुपये से अधिक डिफाल्टरों के 30 सितंबर के बिजली कनेक्शन काटा जाएगा। सभी उपभोक्ताओं को टेलीफोन से सूचना दे दी गई है। महेंद्रगढ़ के अंतर्गत सिटी सब डिविजन, कनीना सब डिविजन, महेंद्रगढ़ सबअर्बन सब डिविजन आते हैं। इन तीनों सब डिविजन में कनेक्टिड उपभोक्तओं की ओर 18 करोड़ रुपये बकाया है। इनमें लगभग 758 उपभोक्ताओं की ओर लगभग 9 करोड़ रुपये बकाया है। इन कनेक्शनों में 413 उपभोक्ताओं एक लाख रुपये से अधिक तथा 345 उपभोक्ता 50 हजार से 1 लाख रुपये के बीच के डिफाल्टर हैं। इनमें 313 उपभोक्ता तो सरकारी हैं। निगम की ओर से सरकारी कार्यालयों के अधिकारियों को उक्त तारीख तक बिजली बिल भरने के लिए सूचित कर दिया है। 1 अक्तूबर से उनके कनेक्शन भी काटे जाने शुरू हो जाएंगे।
दो महीने से की जारी है कॉल
बिजली निगम की ओर से अल्टीमेटम देने के लिए एक डेस्क बनाई गई है। इस डेस्क पर दो कर्मचारियों की स्पेशल ड्यूटी उपभोक्ताओं को कॉल कर बिल भरने की सूचना दे रहे हैं। निर्धारित समय पर बिल नहीं भरने पर बिजली कनेक्शन काटे जाने का अल्टीमेटम दे रहे हैं। निगम की ओर से यह कार्रवाई 1 अगस्त से शुरू की गई थी जिसका समय 30 सितंबर तक का था।
नहीं चलेगी अप्रोच, फैसला होगा ऑन द स्पोट
अगर आपने 30 सितंबर तक बिल जमा नहीं किया तो बिजली कनेक्शन कटवाने के लिए तैयार रहे हैं। विभाग की ओर से 18 टीमें गठित की गई हैं। जिनमें एसडीओ, जेई तथा फोरमैन की अलग-अलग टीमें होंगी। कनेक्शन काटते समय न तो राजनीति अप्रोच चलेगी और न ही किसी का दबाव चलेगा। टीम मौके पर जाकर बिल चेक करेगी। अगर बिल भरा हुआ नहीं है तो उनका कनेक्शन काट दिया जाएगा।
वर्जन:
निगम की ओर से सभी छोटे मोटे डिफाल्टरों को फोन कर जल्द से जल्द बिल भरने के लिए सूचित किया जा चुुका है। 50 हजार रुपये से अधिक डिफाल्टरों को बिल्कुल नहीं बख्शा जाएगा, 30 सितंबर तक बिल नहीं भरने पर उनके मीटर काट दिए जाएंगे। सरकारी कार्यालयों को भी सूचित किया जा चुका है। इसके अलावा जिन भी उपभोक्ताओं की ओर बिजली बिल पेंडिंग हैं वो जल्द से जल्द अपना बिल भर दें।
बुधराम पंवार, एक्सईएन, बिजली निगम महेंद्रगढ़।