महेंद्रगढ़। एपस्टीन प्रकरण में नाम सामने आने के बाद केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी के खिलाफ कांग्रेसियों ने विरोध प्रदर्शन किया। वहीं आंबेडकर चौक पर जिला कांग्रेस कमेटी, महिला कांग्रेस के पदाधिकारियों ने केंद्रीय मंत्री का पुलता फूंका व इस्तीफे की मांग की। वहीं
जिला कांग्रेस कमेटी के नेता सत्यवीर झूकिया ने कहा पूरे देश से आवाज उठ रही है, हरदीप पुरी को तुरंत प्रभाव से इस्तीफा देना चाहिए। ऐसे गंभीर मामले में नैतिकता के आधार पर उन्हें तुरंत पद छोड़ देना चाहिए।
पूर्व सीपीएस अनीता यादव ने कहा, हमारे देश में महिलाओं की सुरक्षा और संवेदनशील मामलों में किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। अगर उच्च पद पर बैठे लोग ऐसे मामलों में शामिल पाए जाते हैं तो उनका पद छोड़ना ही लोकतंत्र की गरिमा बनाए रखने का सही तरीका है।
जिलाध्यक्ष एससी सेल तोताराम कोहली ने कहा कि जनता इस तरह के मामलों पर चुप नहीं बैठेगी। यदि हरदीप पुरी पद से इस्तीफा नहीं देते हैं तो कांग्रेस पूरे देश में आंदोलन को और तेज करेगी।
प्रदर्शन के बाद कांग्रेस कार्यालय में सत्यवीर झूकिया ने जिला कांग्रेस कमेटी की मासिक बैठक ली। बैठक में संगठन को मजबूत करने, विस्तार और आगामी जनसंपर्क अभियान की रणनीति पर चर्चा हुई। इस अवसर पर संदीप राव, राकेश कुमार, महेंद्र रातां, डॉ. धीरज, रंगलाल सहित कार्यकर्ता उपस्थित रहे।