मॉडल टाउन स्थित निवास पर रेवाड़ी नगर परिषद की कांग्रेस प्रत्याशी नेहारिका चौधरी और धारूहेड़ा नग
रेवाड़ी। अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक चिरंजीव राव ने बुधवार को अपने मॉडल टाउन स्थित निवास पर रेवाड़ी नगर परिषद की कांग्रेस प्रत्याशी निहारिका चौधरी और धारूहेड़ा नगर पालिका की प्रत्याशी कुमारी राज को टिकट सौंपा।
इस दौरान दोनों प्रत्याशियों ने आभार जताते हुए कहा कि पार्टी ने जो जिम्मेदारी सौंपी है उसे वे पूरी निष्ठा के साथ निभाएंगी और चुनाव मजबूती से लड़ेंगी। साथ ही भाजपा की नीतियों का डटकर मुकाबला करने की बात कही।
पत्रकारों से बातचीत में चिरंजीव राव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा केवल महिलाओं के आरक्षण की बात करती है जबकि कांग्रेस ने रेवाड़ी में दोनों सीटों पर महिला उम्मीदवार उतारकर उन्हें वास्तविक सम्मान दिया है।
उन्होंने महंगाई को बड़ा मुद्दा बताते हुए कहा कि रसोई गैस सिलिंडर महंगे होने से महिलाओं पर आर्थिक बोझ बढ़ा है। उन्होंने नगर परिषद में भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि फैमिली आईडी और प्रॉपर्टी आईडी को लेकर भी लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा है।
उन्होंने धारूहेड़ा की स्थिति पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि वहां विकास के नाम पर कोई ठोस काम नहीं हुआ। दूषित पेयजल, टूटी सड़कें और खराब ट्रैफिक व्यवस्था आज भी बड़ी समस्या बनी हुई हैं।
निहारिका चौधरी ने कहा कि पिछले चुनाव में भाजपा ने कई वादे किए लेकिन उन्हें पूरा नहीं किया। वहीं कुमारी राज ने कहा कि धारूहेड़ा में बीते पांच वर्षों में कोई उल्लेखनीय विकास नहीं हुआ। दोनों प्रत्याशियों ने जनता से अपील की कि उन्हें भारी बहुमत से विजयी बनाएं।