मंडी अटेली। गांव सलीमपुर में सर्व जातीय जनजागरण मंच के सौजन्य से एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता मंच के संरक्षक पूर्व प्राचार्य सतबीर यादव ने की। बैठक का उद्देश्य समाज में बढ़ती सामाजिक चुनौतियों, विशेषकर युवा पीढ़ी में गिरते संस्कारों और पारिवारिक संवाद की कमी पर गंभीर मंथन करना रहा।
मंच के प्रधान मास्टर धर्मेंद्र ने कहा कि आज हम जिस विषय पर चर्चा कर रहे हैं, वह किसी एक गांव, एक परिवार या एक वर्ग तक सीमित नहीं है बल्कि हर घर, हर माता-पिता और पूरे समाज की आत्मा से जुड़ा प्रश्न है। आज सवाल यह नहीं है कि हमारी युवा पीढ़ी पढ़-लिख रही है या नहीं बल्कि सवाल है कि क्या वह संस्कारों के साथ आगे बढ़ रही है।
आज हमारी बेटियां और बेटे धीरे-धीरे संस्कारों से दूर होते जा रहे हैं। जिस संतान को माता-पिता अपने सपनों से सींचते हैं, अपनी जरूरतें और नींद त्याग कर पालते-पोसते हैं, जब वही गलत राह पर भटक जाती है, तो सबसे गहरा आघात माता-पिता को सहना पड़ता है।
आज हालात इतने संवेदनशील हो गए हैं कि कई बार बच्ची घर छोड़कर चली जाती है और बाद में पुलिस के सामने अपने ही माता-पिता को पहचानने से इनकार कर देती है यहां तक कह देती है कि उसे उनसे जान का खतरा है। यह स्थिति पूरे समाज के लिए चिंताजनक है।
उन्होंने माता-पिता से अपील की कि वे बच्चों के साथ संवाद बढ़ाएं क्योंकि टीवी, मोबाइल और सोशल मीडिया बच्चों की सोच को लगातार प्रभावित कर रहे हैं। मंच के संस्थापक मास्टर रामसिंह और उपाध्यक्ष बाबू अभय सिंह, मास्टर हरिसिंह ने भी अपने विचार रखते हुए समाज में सामूहिक जिम्मेदारी और पारिवारिक मूल्यों को मजबूत करने पर जोर दिया।
गांव की सरपंच कुमारी आरती ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज को सोचने और सही दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं। मंच संचालक अभय सिंह ने किया। बैठक में राष्ट्रपति अवार्डी वेद प्रकाश आर्य, प्रकाश इंस्पेक्टर, नंबरदार ओमप्रकाश, कमांडेंट सतीश कुमार, तेज प्रकाश, मास्टर जसवंत आदि उपस्थित रहे।