नारनौल। नारनौल में बिजली अदालत में कोई उपभोक्ता तार बदलवाने तो कोई बिल की त्रुटि ठीक करवाने पहुंचा। इन उपभोक्ताओं को समाधान का आश्वासन भी मिल रहा है।
मंगलवार को सिघांना रोड स्थित बिजली निगम के सर्कल कार्यालय में 16 उपभोक्ताओं ने समस्याओं को अधीक्षण अभियंता जोगेंद्र हुड्डा के समक्ष रखा। सबसे ज्यादा शिकायतें बिजली बिल में कटौती, कनेक्शन में देरी और बिजली आपूर्ति से संबंधित रही। बकाया बिजली बिल से संबंधित समस्याओं को सरचार्ज माफी योजना के तहत तुरंत समाधान किया गया।
साथ ही ब्याज में छूट और आसान किस्तें बना दी गई, ताकि उपभोक्ता सरलता से बकाया बिल जमा करवा सकें। वहीं बिजली कनेक्शन और बिजली आपूर्ति समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों को समस्या के त्वरित समाधान के लिए निर्देश जारी किए गए हैं। गौरतलब है कि 22 अप्रैल से प्रत्येक मंगलवार को कार्य दिवस पर बिजली अदालत का आयोजन किया जाता है। एक महीने के दौरान अब तक 4 बार बिजली अदालत का आयोजन किया जा चुका है। इसमें जिलेभर से अब तक 79 उपभोक्ताओं ने शिकायत दर्ज करवाई है।
हाउसिंग बोर्ड के यादराम घर की छत पर सोलर पैनल की 16 प्लेट लगवाई है। सोलर पैनल से उत्पादित बिजली को बिजली निगम को देता हूं। वहीं घरेलू उपयोग के लिए बिजली निगम से बिजली लेता हूं। इस प्रक्रिया को शुरू करने के दौरान विभाग ने बताया गया था कि जो बिजली बेचोगे उसमें तुम्हार द्वारा उपयोग की बिजली की कटौती कर के बिल बनाया जाएगा, लेकिन 4 साल से अब तक सोलर पैनल से उत्पादित करीब 71 हजार यूनिट बिजली निगम को बेचा है, लेकिन बिल से कटौती नहीं की गई, जिस कारण करीब 1 लाख 25 हजार रुपये बकाया दिखाया जा रहा है। नहीं भरने पर कनेक्शन काटने की चेतावनी दी जा रही है। शिकायत बिजली अदालत में रखी, जहां आश्वासन दिया गया है कि जल्द ही समाधान किया जाएगा।
इंसेट
नसीबपुर के राजेंद्र कुमार का कहना है कि नियमित रूप से बिजली का बिल जमा कर रहा हूं, लेकिन खंभे से मीटर तक लगी केबल में कुछ जगह से फॉल्ट है। इसे ठीक करवाने के लिए कई बार अवगत करवा चुका हूं, लेकिन अभी तक उसे ठीक नहीं किया गया है। जिस कारण आंधी और बारिश के समय लंबे समय तक बिजली आपूर्ति बाधित रहती है। समस्या को बिजली अदालत में रखा, जहां अधिकारियों को जल्द समाधान के लिए निर्देश दिए गए है।
वर्जन
उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए बिजली बिल सहित अन्य समस्याओं के लिए प्रत्येक मंगलवार को बिजली अदालत का आयोजन किया जाता है। उपभोक्ताओं से अपील है कि बिजली बिल, बिजली आपूर्ति और बिजली कनेक्शन सहित अन्य संबंधित को बिजली अदालत में रख सकते हैं। प्रयास है कि समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान हो सके।-जोगेंद्र हुड्डा, अधीक्षण अभियंता, बिजली निगम, नारनौल।