गुड़गांव मंडल के आयुक्त डी सुरेश ने शुक्रवार को जिले में पीने के पानी की सप्लाई के संबंध में अधिकारियों की बैठक ली तथा सख्त निर्देश दिए कि लोगों को हर हाल में पेयजल मुहैया होना चाहिए। पूरा जिला प्रशासन इस काम को इसी प्रकार प्रमुखता पर रखे। बैठक में उपायुक्त संजीव वर्मा भी मौजूद थे।
आयुक्त ने सबसे पहले सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे नहरों पर लगातार गश्त करें। इस बार यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी कारण से नहरी पानी पहुंचने में बाधा नहीं आनी चाहिए। जिले के सभी जलघरों को भरना सुनिश्चित करें। सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता बीएस नारा ने आश्वासन दिया कि इस बार किसी भी प्रकार की बाधा नहीं आएगी। 23 मई को जिले में पानी पहुंच गया था लेकिन तेज अंधड़ के कारण महेंद्रगढ़ कैनाल पंप हाउस की छत उड़ गई थी जिस कारण सप्लाई बाधित हुई है। अब लहरोदा पंप हाउस नंबर पांच में 250 क्यूसिक पानी सप्लाई हो रहा है। उन्होंने बताया कि अगर इन दस दिनों बारिश होती है तो नहरों में लगातार पानी चलेगा। उपायुक्त की ओर से नहरी पानी के संबंध में मुख्यालय संपर्क साधा गया जिसके नतीजे में इस बार टर्म से तीन दिन पहले पानी आया है। अब लगातार बिना किसी
बाधा कि जलघरों में सप्लाई जारी रहेगी।
डी सुरेश ने बिजली विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि दूसरी जगह से कुछ स्टाफ को हटाकर यहां पर लगाएं और सुनिश्चित करें कि बिजली की सप्लाई में कोई फाल्ट न आए। इस पर बिजली निगम के अधीक्षक अभियंता ने आश्वासन दिया कि गत रात्रि एक से तीन बजे तक तेज हवा के करण फाल्ट आया था। अब भविष्य में अधिकारियों को और सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त आरएस वर्मा, जनस्वास्थ्य विभाग के अधीक्षक अभियंता उमेश भारद्वाज, बिजली निगम के अधीक्षक अभियंता नवीन कुमार, सिंचाई विभाग के अधीक्षक अभियंता बीएस नारा, डीआरओ मनबीर सिंह सांगवान, बिजली निगम के एक्सईएन अविनाश यादव के अलावा अन्य अधिकारी मौजूद थे।