फोटो 31 डे केयर कैंसर सेंटर के शुभारंभ के दौरान मौजूद सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार और चिकित्सा
नारनौल। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वर्चुअल माध्यम से बुधवार को शहर के नागरिक अस्पताल में डे केयर कैंसर सेंटर का शुभारंभ किया। सेंटर के लिए जिले के दो डॉक्टरों और स्टाफ नर्स को बाढ़सा एम्स में दो माह की ट्रेनिंग भी दी गई थी। ऐसे में कैंसर मरीज अब यहां कीमोथैरेपी करा सकेंगे।
कीमोथैरेपी के लिए मरीज को पहले बाढ़सा एम्स में जाना होगा, वहां से संबंधित जिले के डॉक्टरों को सूचना प्रेषित की जाएगी उसके बाद जितनी भी कीमोथैरेपी होनी है वह अपने नजदीक के अस्पताल में ही करवा सकेंगे। वहीं यहां ओपीडी शुरू हो चुकी है।
इसको लेकर बाढ़सा एम्स में नागरिक अस्पताल के दो डॉक्टर और दो स्टाफ नर्स को ट्रेनिंग दी गई थी। नागरिक अस्पताल नारनौल डॉ. दिनेश रंगा और डॉ. पवन यादव ने ट्रेनिंग ली है।
ऐसे में आने वाले दिनों में स्वास्थ्य सेवाओं में नागरिक अस्पताल में भी बढ़ोतरी होने की आस जगी है। बता दें कि जिला में पांच सौ से अधिक कैंसर के मरीज है जो दूर दराज अस्पतालों में उपचार लेने के लिए मजबूर हैं। इसके लिए 6 बैड का वार्ड बनाया गया है।
सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव के अथक प्रयास से महेंद्रगढ़ जिले को डे केयर कैंसर सेंटर की सौगात मिली है। अब कैंसर मरीज कीमोथैरेपी नारनौल के नागरिक अस्पताल में करवा सकेंगे।
इस अवसर पर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आशा शर्मा, उप चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विजय डबास, डॉ. मनीष यादव, डॉ. दिनेश रंगा और डॉ. पवन यादव सहित अन्य स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।