फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जिले को पौने दो सौ करोड़ की विकास की सौगात

Sun, 10 Apr 2016 12:15 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला
विज्ञापन
जिले को विकास की सौगात - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
सब्जी मंडी में आयोजित प्रगति रैली में शनिवार को सीएम ने पौने दो सौ करोड़ की विभिन्न परियोजनाओं की घोषणा की( सीएम मनोहरलाल खट्टर ने आईएमटी की घोषणा से इनकार करते हुए कहा कि अभी यह काम धरातल पर संभव नहीं है। इस कारण इसकी घोषणा करना उचित नहीं है। शिक्षामंत्री की तरफ से 100 बेड के अस्पताल की मांग पर सीएम ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। सीएम के भाषण के दौरान लोगों ने मेडिकल कॉलेज की खोलने की मांग की।  इस प्रकार प्रमुख इन दो मांगों के पूरा नहीं होने पर लोगों को झटका लगा। इसके अलावा सीएम को शिक्षामंत्री द्वारा सौंपे मांगपत्र की सभी मांगें मान ली गईं। सीएम मनोहरलाल खट्टर ने कहा कि प्रदेश के विकास में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी जाएगी। सबका विकास सबके साथ के फार्मूले पर सरकार काम कर रही है। सरकार गांव-गांव पहुंचेगी। ग्राम सचिवालयों के माध्यम से सभी काम ऑनलाइन होंगे। इससे भ्रष्टाचार भी रुकेगा और लोगों को उसके घर-द्वार पर सुविधा मिलेगी।
विज्ञापन


क्षेत्र के विकास के लिए हर संभव होंगे प्रयास
 रैली के संयोजक एवं प्रदेश के शिक्षा एवं पर्यटन मंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। किसी भी वर्ग को सरकार की तरफ से कोई परेशानी नहीं होगी। शर्मा ने सीएम का क्षेत्र के विकास के लिए की गई योजनाओं की घोषणा के लिए आभार जताया और विश्वास दिलाया कि दक्षिणी हरियाणा की जनता भाजपा के साथ है। उन्होंने कहा कि इस बार क्षेत्र की जनता ने नांगल चौधरी से लेकर डुंडाहेड तक किसी भी चिह्न पर मोहर नहीं लगाई। सरकार बनाने में क्षेत्र के लोगों का विशेष सहयोग रहा है। इसके साथ उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए 40 से अधिक परियोजनाओं की मांग रखी।

किसने क्या कहा
 1. परिवहन मंत्री कृष्ण पंवार ने कहा कि हर जिले में खोला जाएगा लाइसेंस ट्रेनिंग सेंटर, ट्रेनिंग के साथ ड्राइवरों को सिखाया जाएगा अंग्रेजी बोलना।                           
विज्ञापन

2.पीडब्ल्यूडी मिनिस्टर राव नरबीर सिंह ने कहा कि पिछली सरकार ने पक्षपात पूर्ण रवैया अपनाया था। प्रदेश सरकार समान विकास करवा रही है। एक वर्ष के अंदर प्रदेश की सभी सड़कें ठीक होंगी।
3. कृषि एवं सिंचाई मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि महेंद्रगढ़ जिले में पानी की कमी नहीं रहने दी जाएगी। सरकार ने जो वादा किया है उसे पूरा किया जाएगा।
4. सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने कहा कि 2021 के बाद महेंद्रगढ़ जिला चमकेगा और आस्ट्रेलिया और चाइना के लोग रोड के द्वारा महेंद्रगढ़ आएंगे।
5. केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री जरनल वीके सिंह ने कहा कि हरियाणा के शहीदों के नाम पर सड़कों, पार्कों का नामकरण किया जाना चाहिए।   

इनका हुआ उद्घाटन
सीएम ने प्रगति रैली में पहुंचते ही मंच से विकास कार्यों का शुभारंभ किया। इनमें निंभेहड़ा माइनर के विस्तार का शिलान्यास, राजकीय महिला महाविद्यालय अटेली के भवन का शुभारंभ, खंड कार्यालय सतनाली भवन का शुभारंभ, रिवासा में पशु चिकित्सा, निधान एवं  विस्तार केंद्र की आधारशिला, दक्षिणी हरियाणा विद्युत वितरण निगम के 33  केवी सब स्टेशन श्यामपुरा का शिलान्यास, बसई में नहरी जल पर आधारित पेयजल योजना का शुभारंभ, दूलोठ अहीर में नहरी जल पर आधारित पेयजल योजना का शुभारंभ, हरियाणा परिवहन बस स्टैंड सतनाली भवन का शुभारंभ, महेंद्रगढ़ बस  स्टैंड को उपक्रेंद और कार्यशाला का शिलान्यास, आईटीआई भोजावास में  शिलान्यास, महेंद्रगढ़ आईटीआई में विस्तार भवन का लोकार्पण, महिला आईटीआई विस्तार भवन का शुभारंभ, कनीना-अटेली सड़क के सुधारीकरण का शिलान्यास शामिल है।

ये हुई घोषणाएं
सीएम ने गांव जाट और पाली के विकास के लिए एक-एक करोड़ रुपये देने की घोषणा की।
महेंद्रगढ़ विधानसभा के लिए 175 करोड़ की घोषणा।
महेंद्रगढ़ नगर पालिका के लिए 5 करोड़ की घोषणा
गांवों के विकास के लिए 10 करोड़ की घोषणा
ग्रामीण क्षेत्र से शहर में पढ़ने आने वाले विद्यार्थियों के लिए चार रूटों पर नई बस की घोषणा।
जिले के ग्रामीण क्षेत्र के विकास के लिए 40 करोड़ की घोषणा।
महेंद्रगढ़ विधान सभा क्षेत्र के गांवों को दूसरे गांवों से जोड़ने वाली सड़कों के विकास के लिए करोड़ों रुपये देने की घोषणा की।

झलकियां
10 बजे हेलीकाप्टर से महेंद्रगढ़ पहुंचे सीएम
रैली में अपने समय से पौने घंटे लेट पहुंचे सीएम
अहीरवाल की राजनीति के धुर विरोधी केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह और राव नरवीर सिंह एक मंच पर दिखे
केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने रैली में पहुंचे लोगों को देखकर रैली के संयोजक प्रो. रामबिलास शर्मा की प्रशंसा की।
राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि उनको उम्मीद नहीं थी कि गर्मी और काम के समय किसान काम छोड़कर रैली में पहुंचेंगे। यह शर्मा के विश्वास की जीत है।
प्रो. रामबिलास शर्मा की पत्नी बिमला शर्मा और उनकी बेटी डॉ. आशा शर्मा महिलाओं के साथ पंडाल में बैठीं थीं।

पूर्व इनेलो जिला प्रमुख भाजपा में शामिल
पूर्व जिला प्रमुख सुरेंद्र कौशिक शनिवार को प्रगति रैली के दौरान भाजपा में शामिल हो गए। सुरेंद्र कौशिक पूर्व में इनेलो में थे, कुछ  समय से वे पार्टी से किनारा किए हुए थे। शिक्षामंत्री ने उनको भाजपा में शामिल करवाया।

मांग को लेकर गेस्ट और नव चयनित जेबीटी पहुंचे
रैली में नवचयनित जेबीटी और गेस्ट टीचर के दोनों संगठन पहुंचे थे। दोनों में से कोई भी संगठनों सीएम और शिक्षामंत्री तक नहीं पहुंच पाये। हालांकि ऐसी कोई कोशिश इनकी तरफ से की भी नहीं गई। रैली में दोनों ही संगठनों ने नेता अपने बैनर के साथ शामिल हुए।

काले झंडे दिखाने पहुंचे लैब सहायक हिरासत में
काले झंडे दिखाने पहुंचने तीन लैब सहायकों को पुलिस ने रैली स्थल से पहले ही हिरासत में ले लिया। लैब सहायकों के द्वारा पहले ही घोषणा की गई थी कि वे रैली में सीएम को काले झंडे दिखाएंगे, जिसको लेकर प्रशासन पहले ही सतर्क था। शनिवार को दो महिला सहित एक पुरुष लैब सहायक काले झंडों के साथ जैसे ही रैली स्थल के पास पहुंचे तो खुफिया विभाग की सूचना पर पुलिस ने इन्हें हिरासत में ले लिया। रैली खत्म होने के बाद रिहा कर दिया गया।

काली जुराबें तक उतरवाई
सीएम की पहली रैली को लेकर काले झंडे दिखाने को लेकर प्रशासन पूरी तरह से सतर्क नजर आया। रैली में काली बेल्ट और काली जुराबों वालों तक को रोका जा रहा था हालांकि बाद में स्टेज संचालक सुधीर दीवान ने मंच से ऐसे लोगों को आने देने की घोषणा की। इसके बाद कार्यकर्त्ताओं को रैली स्थल में घुसने दिया गया। वहीं सुधीर दीवान ने मंच से इसी बात पर चुटकी लेकर पुलिसकर्मियों को कहा कि उनकी बेल्ट भी तो काली है।

18 मंत्री, विधायक रहे स्टेज पर मौजूद
रैली के दौरान सीएम के अलावा केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह, केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह, शिक्षामंत्री रामबिलास शर्मा, सिंचाई व पंचायत मंत्री ओमप्रकाश धनखड़, पीडब्ल्यूडी मंत्री राव नरबीर सिंह, जनस्वास्थ्य मंत्री घनश्याम सर्राफ, परिवहन मंत्री कृष्ण पाल पंवार, सहकारिता मंत्री विक्रम सिंह, सांसद धर्मवीर सिंह, विधानसभा उपाध्यक्ष संतोंष यादव, राजस्थान से विधायक सुंदरलाल काका, विधायक ओमप्रकाश, विधायक अभय सिंह यादव, विधायक रणधीर सिंह कापड़ीवास, विधायक बनवारीलाल, विधायक मूलचंद शर्मा, विधायक नरेश कौशिक ने अपने विचार रखे तथा क्षेत्र की समस्याओं से सीएम को अवगत करवाया।

ये रहे मौजूद
इस अवसर पर जिला उपायुक्त संजीव कुमार, एसपी हमीद अख्तर, एडीसी आरएस वर्मा, एसडीएम उमेद मोहन, डीएसपी ओमप्रकाश, तहसीलदार दिनेश कुमार सहित प्रशासनिक अधिकारियों के अतिरिक्त गोविंद भारद्वाज, भाजपा जिला अध्यक्ष कंवर सिंह यादव, राव कुलबीर बोहरा, राजू शर्मा, गौतम शर्मा, सुभाष अग्रवाल, सुधीर दिवान, सत्यवीर यादव नौताना, पप्पल यादव, विक्की खुडाना, नीतू तंवर जिला पार्षद, भूपसिंह सिवाच, रोहताश सोनी, व्यापार मंडल के प्रधान सुरेंद्र बंटी, नौरंग बसई, मास्टर राजेश शर्मा, चंद्रकला खातोद समेत अनेक भाजपा कार्यकर्ता व पदाधिकारी उपस्थित थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें