नारनौल। आरटीए विभाग के कार्यालय पर सीएम फ्लाइंग रेवाड़ी और सीआईडी विभाग ने संयुक्त रूप से छापेमारी की। इस दौरान आरटीए सहित चार कर्मचारी कार्यालय में गैर हाजिर मिले, जिसके बाद टीम ने कार्यालय में रखी फाइलों की जांच की तो उनमें भी अनियमितता मिलीं, जिसकी उच्च अधिकारियों को जानकारी दे दी गई है। इस दौरान टैक्स जमा करवाने लोगों से सीएम फ्लाइंग व सीआईडी टीम ने बात की। उनका कहना था कि वह सुबह से लाइनों में लगकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन अभी तक कर्मचारी ही कार्यालय में नहीं पहुंचे हैं। सीएम फ्लाइंग रेवाड़ी से एसआई सचिन व सीआईडी की टीम आरटीए कार्यालय करीब 10 बजे पहुंच गई थी, जिसके बाद साढ़े 11 बजे तक जांच चलती रही। इस दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट कार्यकारी अभियंता शिवराज सिंह चौहान बिजली विभाग भी मौजूद रहे। छापेमारी के दौरान आरटीए सहित कुल चार कर्मचारी कार्यालय से गैर हाजिर मिले। वही पासिंग ड्राइविंग लाइसेंस व परमिट से संबंधित फाइलों में भी काफी अनियमितताएं पाई गई है। सीएम फ्लाइंग ने बीते कुछ माह पहले नगर परिषद में भी छापेमारी की थी। ऐसे में सीएम फ्लाइंग समय-समय पर सरकारी कार्यालयों पर छापेमारी कर रही है ताकि जनता के कार्य समय पर हो सके। वहीं सरकारी कार्यालयों में कर्मचारी व अधिकारी समय पर पहुंचकर आमजन का कार्य कर सके।
26 कर्मचारियों में से 4 मिले गैर हाजिर
आरटीए कार्यालय में 26 कर्मचारी तैनात है। इनमें से सीएम फ्लाइंग की छापेमारी के दौरान आरटीए सहित 4 चार कर्मचारी गैरहाजिर मिले हैं, जिसके बाद टीम ने जांच के बाद उच्च अधिकारियों को अवगत करवा दिया है।
टैक्स के कटवाने के लिए आरटीए कार्यालय आया था, लेकिन कर्मचारी नहीं मिला। वह बुधवार को भी आया था, तब बोले की ट्रेनिंग के लिए गया हुआ है, वीरवार को आना। अब वीरवार को आया तो कह रहे हैं कि कर्मचारी आज ट्रेनिंग पर गया है।
रविंद्र, नांगल काठा।
आरटीए कार्यालय का सुबह नौ बजे खुलने का समय है, लेकिन अब तक कार्यालय में कोई नहीं आया है। वह टैक्स कटवाने के लिए आया था।
हिमांशु, धौलेड़ा।
टैक्स कटवाने के लिए सुबह 9 बजे कार्यालय आ गया था। अब कार्यालय के अंदर बैठे कर्मचारी से पूछा तो वह कह रहा है कि बाहर से कटवा लो। अब बाहर टैक्स कटवाने पर 200 रुपये ज्यादा लेते हैं।
सुमेर, मुकंदपुरा।