नारनौल। सीएम फ्लाइंग टीम ने महेंद्रगढ़ रोड बाबा खेतानाथ कॉम्प्लेक्स में स्थित एक्यूरेसी लैब में छापा मारा। टीम सायं 5 बजे से देर रात तक कार्रवाई में जुटी रही। इसके बाद टीम ने बच्चों के अस्पताल में स्थित लैब पर भी छापा मारा। सीएम फ्लाइंग के साथ आठ विभागों के कर्मचारी भी मौजूद रहे। सीएम फ्लाइंग टीम द्वारा मांगे जरूरी कागजात न दिखाने पर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार सीएम फ्लाइंग ने गुप्त सूचना के आधार पर सायं पांच बजे बाबा खेतानाथ कॉम्प्लेक्स में स्थित एक्यूरेसी लैब में छापामार कार्रवाई शुरू की। इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने बताया कि सीएम फ्लाइंग टीम को सूचना मिली थी कि बाबा खेतानाथ स्थित लैब बिना किसी एनओसी के चलाई जा रही है। सूचना के आधार पर सीएम फ्लाइंग ने आठ विभागों की टीम बनाई, जिसमें सीआईडी, स्वास्थ्य विभाग, पॉल्यूशन बोर्ड, मार्केट कमेटी, डीटीपी, फायर बिग्रेड व बिजली विभाग के कर्मचारी मौजूद थे। सीएम फ्लाइंग टीम ने लैब संचालक से कागजात मांगे जाने पर कोई कागजात नहीं मिले। इसके बाद टीम ने संदीप अस्पताल स्थित लैब पर भी छापामार कार्रवाई की। देर सायं तक टीम की छापामार कार्रवाई रही। टीम ने मौके पर ही सदर थाना पुलिस को बुलाकर एक्यूरेसी लैब संचालक के खिलाफ एक शिकायत भी दी है। टीम में सब इंस्पेक्टर सतेंद्र व एएसआई कर्मपाल भी मौजूद रहे।