नारनौल। नसीबपुर जेल से इलाज के लिए सामान्य अस्पताल लाए गए दो बंदियों के बीच बुधवार को किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों के बीच कहासुनी और झगड़ा हो गया। इसमें एक को चोट लगी है। मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया।
बुधवार को जेल नसीबपुर में बंद बंदी प्रदीप व निर्देश को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी के चलते इलाज के लिए सामान्य अस्पताल नारनौल लेकर आई थी। अस्पताल में उपचार के दौरान दोनों बंदियों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इस बीच निर्देश कुमार ने एमएलआर भी कटवाई है।
पुलिस कर्मियों ने दोनों को शांत कराया और डॉक्टरों से इलाज व दवा दिलवाई। इसके बाद दोनों बंदियों को वापस जेल नसीबपुर में भेज दिया गया।
पुलिस प्रवक्ता सुमित कुमार ने बताया कि दो बंदियों को नागरिक अस्पताल में दवा दिलवाने के लिए लाया गया था जिनकी आपस में हाथापाई हुई थी। इसमें बंदी निर्देश ने एमएलआर भी कटवाई है। इसकी जांच की जा रही है।