शहर में विभिन्न स्थानों पर सीवर व्यवस्था ठप हो चुकी है। सीवर ओवर फ्लो होकर दूषित पानी सड़कों पर बह रहा है। पूर्व शिक्षामंत्री रामबिलास शर्मा के आवास के बाहर भी सीवर ओवरफ्लो हो रखा है। प्रभावित लोग कई बार अधिकारियों को इस संबंध में शिकायत कर चुके हैं। बावजूद इसके कोई समाधान नहीं हो रहा।
बता दें कि लगभग 2012 में सीवर लाइन डाली गई थी। लाइन ठीक नहीं डलने के कारण सीवर जगह-जगह रुक जाते हैं। इसके अलावा कई जगह सीवर का निकास भी नहीं किया हुआ। इसके अलावा नगरपालिका ने अधिकतर नाले भी सीवर लाइन में डाले हुए हैं जिस कारण थैली, बोतलें और अन्य कूड़ा कचरा इसके अंदर जाकर सीवर को रोक देता है। इससे सीवर का पानी ओवरफ्लो होकर सड़कों पर बहने लगता है। पुराने नारनौल रोड स्थित गोविंद नेत्रालय के पास, पुराना बस स्टैंड, पूर्व शिक्षामंत्री के आवास के बाहर ऐसे स्थान जहां सीवर दूसरे या तीसरे दिन ओवरफ्लो हो जाता है, सीवर ओवरफ्लो हो जाने के कारण गंदा पानी सड़क पर भर जाता है। जिससे वहां आवागमन करने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सीवर ओवरफ्लो की संबंधित वहां के निवासी कई बार विभाग को कोई बार शिकायत भी दी जा चुकी है। अभी तक इसका कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ है।
आमजन हो रहे हैं परेशान
दूषित पानी सड़कों पर भर जाने से आमजन को भारी परेशानी उठानी पड़ती है। पानी की दुर्गंध के कारण लोगों को वहां से मुंह ढक कर निकलना पड़ता है। सबसे ज्यादा परेशान वहां पर रहने वाले निवासियों और दुकानदारों को होती है। इससे उनकी दुकानदारी भी प्रभावित होती है। दूषित पानी में मक्खी और मच्छर पैदा हो रहे हैं। ढाणी गुर्जरों वाली में कई लोग बीमार भी हो चुके हैं। लेकिन बावजूद इसके अधिकारियों को कोई फर्क नहीं पड़ रहा।
सीवर की यह हालत पिछले कई वर्षों से हैं। विभाग के कर्मचारी एक बार आकर साफ कर जाते हैं लेकिन यहां सफाई की दिक्कत नहीं है। यहां तो पानी का आगे निकास ही नहीं है। पानी का निकास नहीं होने की वजह से पानी वापस पीछे आ जाता है।
- श्यामसुंदर, दुकानदार, शिव कॉलोनी
सीवर का पानी सड़कों पर आ जाता है। इससे मक्खी मच्छर पनप रहे हैं। पूरा वातावरण दूषित हो रहा है। पानी का कोई स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा। प्रशासन एक बार सफाई कर औपचारिकता पूरी कर लेते हैं। पांच सात दिन बाद दोबारा सीवर ओवरफ्लो हो जाता है।
- अजित चनेजा, दुकानदार नजदीक गोंविद नेत्रालय।
दुकान के बाहर सीवरेज ओवरफ्लो होता हैं। पानी भरे होने के कारण बीमारी होने का खतरा बढ़ जाता हैं। ग्राहक भी कम आने लगे है। प्रशासन इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा।
- मनोज, सतनाली चौक
मेेरा घर पुराना बस स्टैंड के पास है। पिछले तीन चार दिनों से सीवर रूका हुआ है जिस कारण पानी सड़क पर भर जाता है। इस संबंध में वो शिकायत भी कर चुके हैं। परंतु कोई समाधान नहीं हुआ। यहां से निकलने वाले हर व्यक्ति को परेशानी उठानी पड़ती है।
- विजय, पुराना बस स्टैंड