जमीन का मुआवजा बढ़ाने को लेकर मंगलवार को किसानों ने ढोल बजाकर प्रदर्शन किया। इसके बाद विधायक ओपी यादव को अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। दूसरी ओर 44वें दिन भी किसानों का धरना जारी रहा।
जिले के किसान सुबह 10 बजे चितवन वाटिका में एकत्र हुए। बैठक की अध्यक्षता प्रभाती लाल ने की व मंच का संचालन सचिव शेर सिंह यादव ने किया। चितवन वाटिका में किसानों को संबोधित करते हुए किसान नेता धर्मेंद्र यादव ने कहा कि 44 दिन से किसान धरना, प्रदर्शन व अनशन के माध्यम से रोष प्रकट कर रहे हैं। लेकिन, सरकार किसानों की कोई सुध नहीं ले रही है। यह किसानों के साथ अन्नाय है। लोकतंत्र में बातचीत से समस्या का समाधान होता है। सरकार बातचीत से भी परहेज कर रही है। यह सरकार किसान मजदूर विरोधी है। इसका खामियाजा सरकार को भुगतना पड़ेगा।
किसान सभा के सचिव शेर सिंह ने कहा की किसान मुआवजा राशि बढ़ाने तक अपना आंदोलन जारी रखेगा। इसलिए समय रहते सरकार किसानों से बातचीत करें। अन्यथा किसान कोई बड़ा आंदोलन करने पर मजबूर होंगे। सरकार को एनसीआर की तर्ज पर किसानों को मुआवजा देना चाहिए। इस मौके पर किसान करतार, लालसिंह, निरंजन, नरेश, महेंद्र, महीपाल, दयाराम, राज सिंह, सोमदत्त, दयाराम, जयपाल, लक्ष्मण के अलावा अनेक किसान उपस्थित थे।