बार एसोसिएशन का प्रतिनिधि मंडल शनिवार को शिक्षामंत्री के माध्यम से सीएम मनोहरलाल से मिलेगा। सीएम से मिलने के बाद बार एसोसिएशन आंदोलन की रणनीति पर अगला फैसला लेगी। बार एसोसिएशन का धरना शुक्रवार को 16वें दिन भी जारी रहा।
बार एसोसिएशन के प्रधान रवींद्र यादव ने बताया कि 17 अगस्त को बार एसोसिएशन का एक प्रतिनिधि मंडल चंडीगढ़ के लिए रवाना होगा। जहां पर शिक्षामंत्री के माध्यम से वो मुख्यमंत्री से मिलेंगे। शुक्रवार को हरियाणा कला परिषद गुरुग्राम के डायरेक्टर महेश जोशी और लोक सभा चुनाव में इनेलो प्रत्याशी रहे बलवान फौजी ने बार को समर्थन दिया। इस मौके पर महेश जोशी ने कहा कि उनकी मांग जायज है। वह इस मामले में मुख्यमंत्री से मिलेंगे।
बता दें कि पिछले 16 दिनों से बार एसोसिएशन जिला मुख्यालय, एडीजे कोर्ट तथा फैमिली कोर्ट की मांग को लेकर धरने पर बैठे हुए हैं। इन्हीं मांगों को लेकर शनिवार को पांच सदस्यों का प्रतिनिधि मंडल शिक्षामंत्री के माध्यम से मुख्यमंत्री से मिलेगा। इस प्रतिनिधि मंडल में बार प्रधान रवींद्र यादव, पूर्व प्रधान बंसीलाल, वरिष्ठ अधिवक्ता बलबीर सिंह शेखावत, मदन सिंह शेखावत तथा अशोक यादव को शामिल किया गया है।