महेंद्रगढ़। शहर की सरकार 16 माह में बदहाल सड़कों का जीर्णोद्धार नहीं कर पाई है। नगरपालिका में स्थाई अधिकारियों के अभाव में कोई भी योजना सिरे नहीं चढ़ पा रही है। शहर के ब्रह्मचारी रोड पर एक किलोमीटर में 100 से अधिक गढ्ढे हैं। यही हालात 11 हट्टा बाजार, सिनेमा रोड, मसानी से डुलाना रोड, ब्रह्मचारी रोड सहित शहर की मुख्य गलियां बदहाल हैं।
नपा की ओर से शहर के हट्टा बाजार के नव निर्माण के लिए छह माह पूर्व 2.50 करोड़ रुपये का एस्टिमेट तैयार कर डीएमसी को इसकी फाइन भेजी थी, लेकिन डीएमसी की ओर से इस पर ऑब्जेक्शन लगा दिया गया था। पिछले 16 माह के दौरान नपा के तत्कालीन सचिव, एमई, जेई के खिलाफ विभिन्न मामलों में जांच चल रही थी, जिसके कारण कोई भी योजना सिरे नहीं चढ़ पाई।
वहीं शहरवासियों को लंबे समय से बदहाल सड़कों के हालात सुधार का इंतजार है लेकिन नपा का इस ओर कोई ध्यान नहीं है। बदहाल सड़कों पर आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। सिनेमा रोड शहर का सबसे व्यस्त रोड है लेकिन दिनभर वाहनों के गुजरने से आरसीसी बेस पर बनी सड़क की रोड़ियां निकलकर दुकानों तक पहुंच रही हैं। वाहन गुजरने से उठने वाली कंक्रीट की धूल से भी दुकानदार परेशान हैं। आए दिन टूटी सड़कों के कारण जाम, दुर्घटनाएं आम हो गई हैं। बदहाल सड़कों से उखड़े पत्थर एवं रोडियां भी दुकानों के शीशों को तोड़ रहे हैं। 11 हट्टा बाजार, कॉलेज रोड, शॉपिंग कांप्पलेक्स, डुलाना रोड, ब्रह्मचारी रोड सहित अनेक जगहों पर रोड टूटे हुए तो कहीं जर्जर अवस्था में है। 11 हट्टा बाजार से कॉलेज रोड़ लगभग 2 किलोमीटर सड़क की दुर्दशा देखकर लोग भी इस रास्ते से आने में परहेज करने लगे हैं।
दुकानदारों का कार्य भी प्रभावित हो रहा है। डुलाना रोड, ब्रहमचारी रोड, 11 हट्टा बाजार शहर के मुख्य रास्तों में एक है जो आसपास गांवों के हजारों लोगों को आवागमन करते है। पिछले पांच साल नगर पालिका में पार्षदों व चेयरमैन के आपसी मनमुटाव के चलते में शहरों के सड़को की हालत और ज्यादा खराब हो गई है। अब नई शहरी सरकार बनने के बाद भी अभी तक कोई उम्मीद नहीं जगी है।
यह सड़क मार्ग अधिक बदहाली में
मोहल्ला कुम्हारान, ब्रह्मचारी रोड, 11 हट्टा बाजार, मसानी चौक से भगवान परशुराम चौक, शॉपिंग कांप्लेक्स सहित अनेक स्थानों पर सड़क टूटी हुई तो कहीं गड्ढे बने हुए है। जिसके कारण लोगों को आवागमन से परेशानी हो रही हैं। पिछले दस वर्षों में इन सड़कों के दो से तीन बार सीसी रोड बनाने का टेंडर पास हो चुके है। लेकिन वह भी कागजों तक सीमट कर रह गए है। यह सीसी रोड का कार्य धरातल पर नहीं हुआ है। शहर की नई सरकार बनने के बाद भी इन सड़कों को निर्माण कार्य तो दूर पेचवर्क या गड्ढों को भी नहीं भरवाया गया। टूटे सड़क मार्ग के कारण अनेक बार वाहन चालक गिरकर चोटिल हो जाते है।
नपा का प्रयास है कि जल्द से जल्द बदहाल सड़कों की दशा सुधारने के लिए काम शुरू किया जाएगा। इसके अलावा अन्य सड़कों पर शीघ्रता से काम शुरू कराया जाएगा।
-रमेश सैनी, नपा प्रधान महेंद्रगढ़