फोटो 1सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेते स्कूली बच्चे।स्रोत:प्रशासन
नारनौल। स्थानीय आईटीआई मैदान में वीरवार को जिलास्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह का अंतिम रिहर्सल हुई। उपायुक्त अनुपमा अंजली ने ध्वजारोहण कर परेड का निरीक्षण किया और मार्च पास्ट की सलामी ली। आगामी 15 अगस्त को आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह मुख्य अतिथि होंगे और ध्वजारोहण कर परेड की सलामी लेंगे।
परेड का नेतृत्व परेड कमांडर एवं डीएसपी डॉ. कविता ने किया। पूर्वाभ्यास के दौरान विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से भरे सांस्कृतिक कार्यक्रम, सामूहिक पीटी, डंबल और लेजियम का शानदार प्रदर्शन किया। इस अवसर पर नगराधीश डॉ. मंगल सेन, जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. विश्वेश्वर कौशिक सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
हरियाणा सरकार की ओर से जारी सूची के अनुसार उपमंडल महेंद्रगढ़ में नारनौल के विधायक ओम प्रकाश यादव, कनीना में महेंद्रगढ़ के विधायक कंवर सिंह तथा नांगल चौधरी में रेवाड़ी के विधायक लक्ष्मण सिंह यादव मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण करेंगे।
स्वतंत्रता दिवस समारोह मेंे ये रहेगा कार्यक्रम का शेड्यूल: प्रात: 08:58 बजे मुख्य अतिथि का आगमन होगा। 09:00 से 09:02 बजे तक ध्वजारोहण और राष्ट्रीय धुन होगी।
इसके बाद 09:02 से 09:15 बजे तक परेड निरीक्षण, 09:15 से 09:30 बजे तक मुख्य अतिथि का संबोधन और 09:30 से 09:40 बजे तक मार्च पास्ट होगा। 09:40 से 09:50 बजे तक पीटी प्रदर्शन और 09:50 से 10:40 बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
इसके बाद 10:40 से 10:50 बजे तक पुरस्कार वितरण के बाद 10:50 बजे राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन होगा। स्थानीय आईटीआई मैदान में वीरवार को जिलास्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में दर्शकों और अतिथियों से 8:30 बजे तक स्थान ग्रहण करने की अपील की गई है।