फोटो नंबर- 10पाठशाला में मिड डे मील खाते बच्चे।
नारनौल। मोहल्ला पुरानी मंडी स्थित प्राथमिक पाठशाला का भवन लंबे समय से खराब हालत में है। जर्जर भवन में पढ़ने वाले बच्चे हर दिन हादसे के डर के बीच शिक्षा ग्रहण करने को मजबूर हैं। भवन की मरम्मत को लेकर कई बार योजना बनाई गई लेकिन अभी तक यह केवल पत्राचार तक ही सीमित दिखाई दे रही है।
पाठशाला के प्रवेश द्वार और अन्य हिस्सों में भवन की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। दीवारों में दरारें आ चुकी हैं और जगह-जगह से पलस्तर उखड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, बारिश के दिनों में दीवारों और छत में सीलन की समस्या बढ़ जाती है जिससे बच्चों और शिक्षकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
अभिभावक बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित रहते हैं। कई लोग भवन की खराब स्थिति के कारण अपने बच्चों को स्कूल भेजने से भी हिचक रहे हैं। कुछ माह पहले स्कूल की जर्जर दीवार का एक हिस्सा गिर गया था। हालांकि उस समय कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
स्थानीय लोगों ने बताया कि घटना के बाद अधिकारियों ने भवन की मरम्मत कराने की बात कही थी लेकिन कई महीने बीत जाने के बाद भी काम शुरू नहीं हो सका है। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
लोगों ने अब शिक्षा विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर जल्द से जल्द भवन की मरम्मत कराने की मांग करने का निर्णय लिया है। उनका कहना है कि बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस समस्या का स्थायी समाधान जरूरी है, ताकि विद्यार्थी सुरक्षित माहौल में पढ़ाई कर सकें।
वर्जन :
पाठशाला भवन की मरम्मत के लिए इंचार्ज को अवगत करवाया गया है। इंचार्ज ने बताया कि मरम्मत के लिए शिक्षा विभाग के अधिकारियों को अवगत करवाया जा चुका है। आगामी सप्ताह में शिक्षा विभाग के अधिकारियों को पाठशाला की मरम्मत के लिए ज्ञापन सौंपेंगे। -विशाल सैनी, पार्षद, वार्ड-16