नारनौल। गांव सुराणा स्थित प्राथमिक पाठशाला का चयन मुख्यमंत्री स्कूल सुंदरीकरण प्रोत्साहन योजना के तहत प्राथमिक पाठशाला स्तर पर अटेली खंड में प्रथम स्थान के लिए किया गया है। गांव सुराणा की पाठशाला साफ-सफाई, शिक्षा और खेल गतिविधियों में जिले भर में अग्रणी स्थान रखता है।
पाठशाला की बेहतर शिक्षण व्यवस्था के लिए मुख्य शिक्षक कमल सिंह को गणतंत्र दिवस के अवसर पर सम्मानित भी किया गया था। प्राथमिक पाठशाला में उपलब्ध 5 कमरों में पहली से पांचवीं कक्षा तक पांच कक्षाओं का संचालन किया जाता है। विद्यालय में पांच कक्षाओं के कुल 57 विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहें हैं। विद्यार्थियों के लिए पाठशाला में डिजिटल बोर्ड, पुस्तकालय, खेल मैदान और स्मार्ट क्लास उपलब्ध है। बच्चों को बेहतर पोषण के लिए मिड-डे-मील के तहत भोजन दिया जाता है और साफ-सफाई युक्त रसोई कक्ष में खाना पकाया जाता है। पाठशाला में गांव सुराणा सहित आस-पास के गांव बुवानी, सराय, सुराणी, बाछौद व मिर्जापुर के बच्चे भी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं।
नवोदय के लिए 9 और सैनिक स्कूल के लिए 8 बच्चों का चयन
प्राथमिक पाठशाला में बच्चों को नियमित पाठ्यक्रम के अलावा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए अतिरिक्त कक्षाएं भी संचालित की जाती हैं। इसके परिणामस्वरूप सत्र 2024-25 पाठशाला के 17 बच्चों ने नवोदय और सैनिक स्कूल के लिए आयोजित प्रवेश परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करते हुए स्थान प्राप्त किया। इनमें जवाहर नवोदय स्कूल में 9 और सैनिक स्कूल के लिए 8 बच्चों का चयन हुआ है।
कुश्ती व कबड्डी जैसे खेलों में प्रदेश स्तर पर मचाई धूम
पाठशाला में बच्चों को विभिन्न खेल गतिविधियों का प्रशिक्षण भी दिया जाता है। गत वर्ष सितंबर में पाठशाला में पढ़ने वाली दो छात्राओं ने कुश्ती में और पाठशाला की कबड्डी टीम ने जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया था। जिसके बाद प्रदेश स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन करते हुए पाठशाला व क्षेत्र का नाम रोशन किया।
वर्जन
प्राथमिक पाठशाला स्तर में अटेली खंड में प्रथम स्थान प्राप्त करना बतौर शिक्षक गर्व की अनुभूति देता है। पुरस्कार स्वरूप मिली 50 हजार रुपये की राशि से पाठशाला में रंग-रोगन और पेंटिग का कार्य किया जा रहा है। उम्मीद है कि जिलास्तर पर भी पाठशाला बेहतर व्यवस्थाओं के साथ प्रथम स्थान प्राप्त करेगा।
-कमल सिंह, मुख्य शिक्षक, राजकीय प्राथमिक पाठशाला सुराणा।