नारनौल। बाल दिवस के अवसर पर प्रगतिशील शिक्षक ट्रस्ट की ओर से अनाथ गोशाला में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान नन्हें गोवंशों को हरी सब्जियां खिलाकर सेवा और दया का संदेश दिया गया।
विज्ञापन
कार्यक्रम में 10वीं कक्षा की छात्रा आकांक्षा शर्मा की पहल ने सभी का ध्यान खींचा। आकांक्षा ने अपनी पॉकेट मनी से पैसे बचाकर गोवंशों के लिए ताजी हरी सब्जियां खरीदीं और उन्हें अपने हाथों से खिलाया। उसकी इस पहल की सभी ने सराहना की। ट्रस्टी ओशिन शुक्ला ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में सेवा और जीवों के प्रति दया की भावना बढ़ाना है।
विशिष्ट अतिथि एवं निजी स्कूल संघ के अध्यक्ष भीमसेन शर्मा ने कहा कि बच्चों में अच्छे संस्कार डालना जरूरी है। वहीं, ट्रस्ट अध्यक्ष डॉ. संजय शर्मा ने कहा कि बाल दिवस बच्चों को सामाजिक जिम्मेदारी और दूसरों की मदद करने की सीख देने का अवसर है।