नारनौल। राजकीय उच्च विद्यालय हमीरपुर में खंडस्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी पवन भारद्वाज ने दीप जलाकर किया।
खंड नारनौल के हरियाणा बोर्ड से मान्यता प्राप्त सभी सरकारी व निजी विद्यालयों के 68 बाल वैज्ञानिकों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने सतत कृषि, प्लास्टिक एवं कचरा प्रबंधन, हरित ऊर्जा, स्वास्थ्य व स्वच्छता, मनोरंजक गणितीय मॉडलिंग, उभरती प्रौद्योगिकी तथा जल संरक्षण व प्रबंधन जैसे विषयों पर आधारित वैज्ञानिक मॉडल प्रस्तुत किए। बाल वैज्ञानिकों ने नवाचारपूर्ण मॉडलों से विकसित और आत्मनिर्भर भारत का विजन प्रस्तुत किया।
प्रदर्शनी में मयंक, यशवी, प्रिया, साक्षी, लोकेंद्र, गुलशन और दिव्या ने प्रथम स्थान प्राप्त किया व हेमंत, पंकज, मनीषा, तनवीर, नियति, तनुज और ललित द्वितीय स्थान पर रहे। जबकि खुशी, निशा, शिक्षा, रितेश, भूपेंद्र, अनु और पिंकी ने तृतीय स्थान हासिल किया। विजेताओं की पुरस्कार राशि सीधे उनके बैंक खातों में जमा की जाएगी।
प्रदर्शनी के समन्वयक धर्म सिंह ने कहा कि प्रदर्शनी का उद्देश्य नवाचार, स्वदेशी उत्पादन और तकनीकी के माध्यम से भारत को विकसित व आत्मनिर्भर बनाना है, जिसमें युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। नोडल अधिकारी जितेंद्र कुमार ने बेहतर आयोजन और विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सभी का आभार किया।
कार्यक्रम में उप जिला शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शनी जिज्ञासा, रचनात्मकता और ज्ञान का उत्सव है, जो विद्यार्थियों को अपने नवाचारों को प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करती है। इस अवसर पर डीएसएस रविंद्र कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे।
अंत में विद्यालय के मुख्य अध्यापक अजय कुमार ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का धन्यवाद किया तथा विजेता छात्रों को बधाई दी। प्रदर्शनी के संचालन में प्रवक्ता विक्रम सिंह, राजकुमार, योगेंद्र, मनीषा और सत्यपाल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।