मुख्यमंत्री उड़नदस्ता और खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को अटेली क्षेत्र के विभिन्न राशन डिपो पर छापा मारा। इस दौरान टीम को अटेली-बहरोड सड़क पर रेलवे फाटक के नजदीक जय अंबे फ्लोर मिल के पास स्थित राशन डिपो से निर्धारित स्टाक से अधिक राशन मिला। इसके अलावा टीम को यहां से तीन पीओएस मशीन मिली है, जिनमें स्टॉक का मिलान नहीं हो पाया। जिस पर खाद्य आपूर्ति विभाग ने अनिल बिहाली के खिलाफ अटेली थाने में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करवाया है।
शुक्रवार को रेवाड़ी मुख्यमंत्री उड़नदस्ता की टीम को अटेली में राशन डिपुओं पर अनियमितता करने की सूचना मिली थी। इस पर शुक्रवार सुबह करीब साढ़े दस बजे मुख्यमंत्री उड़नदस्ता की टीम ने उप पुलिस अधीक्षक दिनेश यादव के नेतृत्व में अटेली में बहरोड रेलवे फाटक के पास जय अंबे फ्लोर मिल के पास स्थित अनिल बिहाली के राशन डिपो पर छापा मारा। इस दौरान टीम को डिपो से स्टॉक से अधिक राशन मिला। यहां से गेेहूं के 139 कट्टे व 5 क्विंटल चीनी मिली के बरामद की।, जिनका डिपो संचालक के पास कोई रिकॉर्ड नहीं था। इसके अलावा टीम को मिल से 3 पीओएस मशीन भी बरामद हुई। जिनमें भी स्टॉक का मिलान नहीं हो सका। इस दौरान टीम ने अटेली मंडी, बिहाली, मोहनपुर, बजाड़, सुजापुर, राजपुरा के डिपो की भी जांच की। मगर उक्त सभी में कोई अनियमितता नहीं मिली। इस मौके पर खाद्य आपूर्ति विभाग से अतिरिक्त खाद्य एवं आपूर्ति निरीक्षक अरुण सैनी, मुख्यमंत्री उड़नदस्ता टीम से उप निरीक्षक सांवलाराम, एसआई रामपाल, एएसआई सुनील कुमार, गुप्तचर विभाग से डीआई विश्वजीत सिंह व उनकी टीम मौजूद रही।
खाद्य आपूर्ति विभाग की शिकायत पर दो के खिलाफ मामला दर्ज
अटेली खाद्य आपूर्ति विभाग के निरीक्षक नीरज कुमार के अनुसार विभाग ने दो डिपो मालिकों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। अटेली डिपो मालिक नरेंद्र शर्मा के पास से तीन पीओएस मशीन भी मिली है। मगर इसके डिपो में स्टॉक अनुसार ही राशन मिला, जबकि अनिल बिहाली जिसके पास तोबड़ा का राशन डिपो है, के पास से स्टॉक से अधिक गेहूं और चीनी मिली। जिस पर उक्त के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की तरफ से उन्हें सूचना मिली थी। वे मौके पर पहुंचे और डिपो में राशन की जांच की तो ज्यादा मिला। इसकी रिपोर्ट बनाकर विभाग व पुलिस को दे दी गई है। वहीं डिपो संचालक के खिलाफ भी कार्रवाई के लिए पुलिस में शिकायत दी गई है। अरुण कुमार, अतिरिक्त खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी नारनौल।
गोदाम से सैंपल लेता मुख्यमंत्री उड़नदस्ते का कर्मचारी। संवाद- फोटो : Narnol