संवाद न्यूज एजेंसी
महेंद्रगढ़। मुख्यमंत्री उड़नदस्ता रेवाड़ी व आबकारी विभाग नारनौल की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को गांव दूलोठ अहीर में शराब ठेके पर छापा मारा। इस दौरान शराब का ठेका खुला पाया गया। शराब ठेके पर नंगलिया दरकला थाना खैर जिला अलीगढ़ निवासी गोपाल शराब की बिक्री करता हुआ मिला। वह आबकारी नीति 2023-24 का दोषी पाया गया।
25 नवंबर को राजस्थान में चुनाव होने हैं और सरकार के आदेशानुसार सीमा से तीन किलोमीटर के दायरे में आने वाले सभी ठेकों को बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं। एईटीओ अतुल बत्रा ने बताया कि यह ठेका तीन किलोमीटर से कम की दूरी पर था। शराब के ठेका खोलकर सरकार के आदेशों की अवहेलना की जा रही थी। एईटीओ ने मौके पर शराब ठेके को सील कर दिया गया है। आरोपी के खिलाफ आगामी कार्रवाई को लेकर संयुक्त आबकारी एवं कराधान आयुक्त पंचकूला भेजा जाएगा। इस मौके पर मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की टीम से हेड कांस्टेबल अजय कुमार, आबकारी विभाग नारनौल से अतुल बत्रा रहे।