संवाद न्यूज एजेंसी
सिहमा। स्थायी रोजगार, एक समान वेतन और नई कर्मचारियों की भर्ती सहित अन्य मांगों को लेकर खंड सिहमा के सभी सफाई कर्मचारियों की हड़ताल 45वें दिन शुक्रवार को भी जारी रही। इससे खंड के गांवों में डेढ़ माह से सफाई व्यवस्था चरमरा गई है। सफाई न होने से जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हैं।
गांवों की सफाई नहीं होने से ग्रामीणों को काफी ज्यादा दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। खंड के प्रधान ओमप्रकाश ने कहा कि प्रदेश सरकार आम जनता के स्वास्थ्य के प्रति गंभीर नहीं है। हरियाणा सरकार ग्रामीण सफाई कर्मचारियों से बेगार करवा रही है। 17 साल से स्थायी काम पर अस्थायी सफाई कर्मचारी रखकर काम लिया जा रहा है और पूरा वेतन भी नहीं दिया जा रहा है। प्रदेश सरकार ने 2014 के चुनावी घोषणा पत्र में 15 हजार वेतन देने का वायदा करने के बाद भी नही किया है। पिछले 45 दिन से हरियाणा के 22 जिलों के 11 हजार ग्रामीण सफाई कर्मचारी हड़ताल पर हैं लेकिन सरकार हठधर्मिता पर उतरी हुई है। इस धरने पर बैठे कृष्ण कुमार बोयत, जिला सचिव अमित कुमार, सलाहकार ईश्वर, सीताराम, विक्की, विजय कुमार, समसू इत्यादि सफाईकर्मी उपस्थित थे।