बस स्टैंड पर अवैध पार्किंग को लेकर संचालक से बातचीत करती सीएम फ्लाइंग टीम।
- फोटो : Narnol
नारनौल। मुख्यमंत्री उड़नदस्ते और नगर परिषद की टीम ने शुक्रवार को संयुक्त रूप से बस स्टैंड के सामने चल रही दो पार्किंग पर छापे मारे। दोनों पार्किंग संचालक लाइसेंस नहीं दिखा सके। टीम ने दोनों पार्किंग संचालकों को दो दिन का नोटिस दिया। नोटिस में चेतावनी देते हुए कहा गया है कि दोनों पार्किंग को बंद कर दें या लाइसेंस दिखाएं अन्यथा दोनों पार्किंग सील कर दी जाएगी।
बस स्टैंड के सामने कई दिनों से श्रीश्याम तथा अंशु नाम से दो पार्किंग की चल रही है। ये दोनों ही पार्किंग अवैध बताई जा रही है। इसकी सूचना पर मुख्यमंत्री उड़नदस्ते से निरीक्षक सूबे सिंह, एएसआई सचिन, मुख्य सिपाही अजय एवं सुनील, नगर परिषद की ईओ सुमनलता और एक्सईएन अंकित वशिष्ठ की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को दोपहर बाद दोनों पार्किंग पर छापा मारा। ईओ सुमन लता एवं एक्सईएन अंकित वशिष्ठ ने लाइसेंस दिखाने के लिए कहा तो उनके पास मौके पर कोई लाइसेंस नहीं था। टीम ने दोनों पार्किंग संचालकों को नोटिस जारी कर दो दिन का समय दिया है। इस समय तक उनके पास कोई लाइसेंस नहीं दिखाने पर पार्किंग को सील करने की चेतावनी दी।
नगर परिषद की ईओ ने बताया कि दोनों पार्किंग कई दिनों से चल रही है। इसकी शिकायत सीएम विंडों पर की गई थी। कार्यालय में भी इसकी शिकायत आई थी। नगर पंचायत की ओर से दोनों पार्किंग को कोई लाइसेंस जारी नहीं किया गया है। दोनों ही पार्किंग अवैध रूप से चल रही हैं।