मंडी अटेली। अटेली-कनीना मार्ग पर गांव मोहल्ड़ा के समीप सड़क के किनारे खड़े ट्रक से टकराने से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने मोटरसाइकिल पर सवार दूसरे युवक के बयान पर मामला दर्ज किया है।
गांव भोजावास निवासी गौरव उर्फ गोल्डी ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि वह अपने ताऊ के लड़के सुरेंद्र के साथ रात 10:30 बजे अटेली से बाइक से गांव भोजावास जा रहे थे। इसी बीच मोहल्ड़ा गांव के पास चालक ने अपनी ट्रक को बिना इंडिकेटर जलाए खड़ा किया था। अंधेरा होने के कारण दिखाई नहीं देने पर मोटरसाइकिल ट्रक से टकरा गई। हादसे में सुरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को एंबुलेंस से अटेली सामान्य अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने गौरव की शिकायत पर ट्रक चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।