फोटो 16 वॉलीबॉल प्रतियोगिता में भाग लेते छिलरो महाविद्यालय के छात्र। स्रोत: कॉलेज
- फोटो : udhampur news
निजामपुर। इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय के तत्वावधान में यदुवंशी डिग्री कॉलेज, नारनौल में आयोजित अंतर महाविद्यालय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में राजकीय महाविद्यालय छिलरो की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान हासिल किया। टीम ने पूरे टूर्नामेंट में अनुशासन, खेल भावना और बेहतर तालमेल का परिचय दिया।
छिलरो कॉलेज की टीम ने शुरुआती मुकाबलों में दमदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बनाई। फाइनल मुकाबले में टीम को दूसरे स्थान से संतोष करना पड़ा और वह प्रतियोगिता की उपविजेता बनी। प्रदर्शन से महाविद्यालय में खुशी का माहौल है।
टीम के महाविद्यालय लौटने पर प्राचार्य डॉ. कुलदीप यादव ने खिलाड़ियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया। उन्होंने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि गर्व की बात है। उन्होंने खिलाड़ियों से भविष्य की प्रतियोगिताओं में भी इसी मेहनत और उत्साह के साथ प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
खेल प्रभारी डॉ. संजना चौधरी और डॉ. दीपक यादव के नेतृत्व में टीम ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। महाविद्यालय प्रबंधन ने टीम के सभी खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं दीं। प्रतियोगिता में उपविजेता रहने से कॉलेज की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का हौसला मिला है। संवाद