नारनौल। केंद्रीय विश्वविद्यालय में नौकरी लगाने के नाम पर गांव थाना के व्यक्ति से आठ लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित ने मामले में रोहतक और निजामपुर के गांव ब्राह्मणवास नौ के निवासी के अलावा अन्य कुछ लोगों के खिलाफ शिकायत दी है।
एसपी को भेजी शिकायत में गांव थाना निवासी यशपाल ने बताया कि उसका संपर्क गांव ब्राह्मणवास नौ के नरेश कुमार और शीशराम से है जोकि रोहतक की जनता कॉलोनी निवासी आदित्य की जान पहचान वाले हैं। नरेश कुमार ने उसके पास से केंद्रीय विश्वविद्यालय महेंद्रगढ़ में क्लर्क पद की नौकरी लगवाने के लिए आठ लाख रुपये लिये। आदित्य ने मई 2022 में पहली बार टोकन मनी के रूप में उससे दो लाख 50 हजार रुपये लिए। उसके बाद आदित्य ने 17 जून 2022 को उसके फोन नंबर पर एक गूगल मीट का लिंक भेजकर उसका इंटरव्यू करवाया तथा यूनिवर्सिटी ग्रांट कमीशन से संबंधित सवाल किए गए। इंटरव्यू खत्म होने पर आदित्य ने उसको रोहतक के रेस्ट हाउस में बुलाकर तीन लाख रुपये लाने के लिए कहा। 29 जून 2022 को उसने चरित्र प्रमाण पत्र मांगा और फिर से पुलिस वेरिफिकेशन करवाया। इसके बाद आदित्य ने फाइनेंस ऑफिसर सेंट्रल यूनिवर्सिटी हरियाणा महेंद्रगढ़ के नाम 450 रुपये का डीडी बनवाने के लिए बोला। 5 जुलाई 2022 को पुलिस वेरीफिकेशन सर्टिफिकेट वेरीफाई होने पर उसने आदित्य के वाट्सअप पर फोटो भेजी। इसके बाद आदित्य ने रोहतक के होटल में किसी व्यक्ति के नंबर भेजकर उससे मिलने के लिए कहा। उस दिन उसके साथ गांव गुवानी का हरीश कुमार भी गया था। उन्होंने 29 जुलाई 2022 को ज्वाइनिंग के लिए कहा और सीयू रजिस्ट्रार के नाम से उसके पास मेल भेजी। 10 अगस्त को कार्य ग्रहण करने का आदेश दिया। इसके बाद वह विश्वविद्यालय गया तो वहां कोई नहीं आया। इस पर उसे लॉ डिपार्टमेंट में जाने के लिए कहा। वहां पहुंचने पर उसे एक एप्लीकेशन लिखने और फिर मेल करने के लिए कहा। इसके बाद उसे ट्रेनिंग के लिए करनाल जाने की बात कही गई। अगले दिन वह करनाल जाने लगा तो दादरी के बीच आदित्य ने फोन किया कि वह रोहतक में एक होटल में पहुंचे। वहां उन्होंने कहा कि उसका प्रशिक्षण अब सेंट्रल यूनिवर्सिटी में ही होगा और अगले दिन ही हम वापस आ गए। ऐसे करके आदित्य ने कई उसे बार यूनिवर्सिटी बुलाया। इस प्रकार उसने कई जगह उसके चक्कर लगवाए। आदित्य और नरेश ने बहुत से लड़कों को फंसाया हुआ है। उसे शक हुआ तो उसने आठ लाख रुपये वापस मांगे तो उसने कभी आज तो कभी कल देने के लिए कहा लेकिन उसे पैसे नहीं मिले। पुलिस ने शिकायत पर उक्त लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।