नारनौल। सक्रिय मौसम प्रणाली के चलते मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। शनिवार को दिनभर चमकदार धूप खिली रहने से लोगों को पिछले कुछ दिनों से पड़ रही कड़ाके ठंड से राहत मिली है। वहीं दिन व रात्रि के तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई। शनिवार को नारनौल का अधिकतम तापमान 24.2 डिग्री व न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्र मोहन ने बताया कि जिले में कुछ दिनाें से हाड़कंपा देने वाली ठंड अपने तीखे तेवरों से आगाज किए हुए है, मगर एक बाद एक चार पश्चिमी मौसम प्रणालियों की वजह से आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। 27 और 30 जनवरी वाले पश्चिमी विक्षोभ कमजोर रहेंगे। जिसकी वजह से 30-31 जनवरी के दौरान हरियाणा एनसीआर दिल्ली में केवल छिटपुट बूंदा-बांदी देखने को मिलेगी, जबकि 2 फरवरी वाला पश्चिमी विक्षोभ मध्यम श्रेणी का है। जिसकी वजह से हरियाणा एनसीआर दिल्ली में 2-4 फरवरी के दौरान गरज चमक के साथ हल्की बारिश/ बूंदाबांदी और एक दो स्थानों पर तेज गति की हवाएं चलने और ओलावृष्टि की गतिविधियों की संभावना बन रही है। पिछले साल दिसंबर और नया साल के जनवरी महीने में लगातार बारिश की गतिविधियां नदारद रही जिसकी वजह से लगातार सूखी ठंड अपने प्रचंड तेवरों से आगाज किए हुए हैं।