महेंद्रगढ़/कनीना। गांव भोजावास में वीरवार दोपहर को दुकानदार पर गोली चलाने के मामले में शुक्रवार को एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि दुकानदार सनोज बदमाश के हाथों पर प्लास्टिक का स्टूल नहीं मारता तो गोली सीधे सिर में लगती।
पिछले करीब 30 घंटे से पुलिस की तीन टीम इस मामले में सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही हैं, लेकिन अभी तक उनके हाथ खाली हैं। जिले में बुधवार व वीरवार को लगातार दो दिन गोली चलने की दो वारदातें हो चुकी हैं। शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक अर्श वर्मा ने घटना स्थल पर पहुंचकर लोगों से जानकारी जुटाई।
वीरवार को दोपहर करीब ढाई बजे गांव भोजावास बस स्टैंड पर दुकानदार सनोज को अज्ञात बोलेरो सवार युवक ने सिर में गोली मारने का प्रयास किया था। सनोज ने अपने बचाव में दुकान में रखा प्लास्टिक का स्टूल उठाकर बदमाश के हाथ पर दे मारा, जिससे निशाना चूक गया व गोली दुकानदार सनोज के हाथ में लग गई। गत वर्ष 25 मई को भी दुकानदार से आठ लाख की रंगदारी की मांग करते हुए आरोपियों ने नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी थी। इसमें पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया था। गोली लगने से घायल सनोज हाई सेंटर रेफर कर दिया गया था, जिसके बाद वह एक निजी अस्पताल में उपचाराधीन है।
पुलिस की तीन टीम जुटी जांच में, पर नहीं लगा सुराग
गोली चलने की वारदात की सूचना दुकानदार सनोज ने ही दी थी। सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल सनोज को उप नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया था। प्राथमिक उपचार के बाद पीड़ित को हाई सेंटर रेफर दिया गया था। इस मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने डीएसपी कनीना, सीआईए व सदर थाना की तीन टीम बनाई थी। टीम लगातार संभावित स्थानों पर दबिश दे रही हैं, लेकिन अभी तक आरोपियों का सुराग तक नहीं पाया है।
पुलिस की तीन टीम लगातार आरोपियों की तलाश कर रही हैं। कुछ संदिग्धों की पहचान की जा चुकी है व संभावित ठिकानों पर टीम तलाश कर रही है। जल्द ही आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा।
-अर्श वर्मा, पुलिस अधीक्षक जिला महेंद्रगढ़।
फोटो संख्या:65- सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा भोजावास में दुकान के बाहर हथियार लेकर जाता आरोपी--स
फोटो संख्या:65- सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा भोजावास में दुकान के बाहर हथियार लेकर जाता आरोपी--स
फोटो संख्या:65- सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा भोजावास में दुकान के बाहर हथियार लेकर जाता आरोपी--स