जींद। महिला थाना प्रभारी पूजा ने बताया कि प्रिया की शिकायत पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, घरेलू हिंसा और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में सेक्टर-11 निवासी अमन के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने प्रारंभिक जांच और दोनों पक्षों की काउंसिलिंग के बाद यह कार्रवाई की है। शिकायतकर्ता प्रिया ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी 27 अक्तूबर 2024 को अमन के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही उसे दहेज के लिए परेशान किया जाने लगा। 26 जुलाई 2025 को सीईटी की परीक्षा के बाद पति उसे लेने नहीं पहुंचा। ससुराल पहुंचने पर घर में प्रवेश को लेकर विवाद हुआ। इस दौरान उसके साथ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी गई। महिला ने घटना के वीडियो सबूत होने का दावा भी किया है। मामला समझौता सदन भेजा गया था लेकिन मुख्य सिपाही सुमन और पीएसआई पूजा की मौजूदगी में हुई काउंसिलिंग के बावजूद समझौता नहीं हो सका। महिला थाना प्रभारी पूजा ने बताया कि पुलिस ने पति अमन के खिलाफ दहेज के लिए प्रताड़ित करने के आरोप में मामला दर्ज कर दिया है। संवाद