नांगल चौधरी। दो दिन पहले स्कूल जा रहे बच्चे को जबरदस्ती चॉकलेट खिलाने के मामले में परिजनों ने नांगल चौधरी थाना में तहरीर देकर आरोपियों को पकड़ने की मांग की है। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
दो दिन पहले नांगल चौधरी पटवार घर रास्ते में अज्ञात बाइक सवारों ने सुबह साढ़े 8 बजे स्कूल जाते बच्चे को जबरदस्ती चॉकलेट खिला दी थी। इसके बाद आरोपी कोटपूतली रोड की तरफ भाग गए थे। इसी बीच बच्चे को उल्टी होने लगी। दुकानदारों ने बच्चे को घर पंहुचाया। परिजन बच्चे की हालत को देखते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर गए। जहां बच्चे का उपचार किया गया था।
एसआई हरीश ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है। घटना स्थल पर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज ली गई है। इसमें कुछ जानकारी मिलने की संभावना बनी हैं। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।