फोटो नंबर- 15डिपो कार्यालय में हैप्पी कार्ड प्राप्त करता युवक। संवाद
नारनौल। सरकार की हैप्पी कार्ड योजना का लाभ लोगों तक पहुंचाना विभाग के लिए चुनौती बना हुआ है। डिपो कार्यालय में अप्रैल माह में करीब 34 हजार हैप्पी कार्ड आए थे। गत 6 माह में विभाग ने करीब 22 हजार कार्ड तो बांट दिए, लेकिन करीब 12 हजार कार्ड अब भी वितरण की राह देख रहे हैं।
विभाग की ओर से आवेदकों के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर कॉल व मैसेज भेजकर कार्ड लेने की सूचना दी जा रही है, लेकिन दिक्कत यह है कि अनेक लोगों के नंबर अब बंद हो चुके हैं। ऐसे में उनसे संपर्क ही नहीं हो पा रहा है।
दरअसल, मार्च 2024 में योजना शुरू होने के बाद नवंबर 2024 तक जिले में करीब 1 लाख कार्ड वितरित कर दिए गए थे। लेकिन विधानसभा चुनाव के बाद सितंबर 2024 से मार्च 2026 तक आवेदन करने वालों को लंबा इंतजार करना पड़ा। उनके कार्ड डेढ़ साल बाद अप्रैल माह में डिपो पहुंचे।
इतने लंबे समय में अनेक लोगों ने अपना मोबाइल नंबर बदल लिया। अब पुराने नंबर पर न तो संपर्क हो रहा है और न ही ओटीपी आ रहा है। यही वजह है कि हैप्पी कार्ड का वितरण सुस्त पड़ गया है। नारनौल डिपो के महाप्रबंधक देवदत्त ने कहा कि वितरण प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए नजदीकी बस स्टैंड पर कार्ड का वितरण किया जा रहा है। उन्होंने लाभार्थियों से अपील की कि वे तभी कार्ड लेने आएं जब उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर ओटीपी प्राप्त हो जाए, ताकि किसी प्रकार की परेशानी न हो और प्रक्रिया सुचारु रूप से पूरी की जा सके।