गांव भोजावास में कैंडल मार्च निकालते ग्रामीण।
कनीना। स्कूल बस हादसे में मृतक और घायल हुए छात्रों के पीड़ित परिवारों को न्याय देने की मांग को लेकर गांव भोजावास के बस अड्डे पर मौन कैंडल मार्च निकाला गया। प्रमुख समाजसेवी ठाकुर अतरलाल एडवोकेट के नेतृत्व में कैंडल मार्च निकाला गया। इस दौरान लोगों ने सरकार से पीड़ित परिवारों को त्वरित न्याय देने की मांग की। कैंडल मार्च की समाप्ति पर दो मिनट का मौन धारण कर मृतक बच्चों की आत्मिक शांति तथा घायल बच्चों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की गई।
अतरलाल ने कहा कि इस हृदय विदारक हादसे को लेकर पूरे देश के लोग गमगीन हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से पीड़ित परिवारों की सहायता के लिए एक नोडल अधिकारी नियुक्त करने की मांग की। वक्ताओं ने राज्य सरकार से एक मत से मृतक बच्चों के परिवारों को 50-50 लाख रुपये, घायलों का इलाज सरकारी खर्च पर करवाने तथा उनको 10-10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही कर पीड़ित परिवारों को न्याय देने की मांग की। इस अवसर पर विजय कुमार अग्रवाल, भाग सिंह चेयरमैन, मदनलाल, गंगाराम अग्रवाल, विष्णु गोयल, उपदेश, प्रवीण शर्मा, रामकुमार, रगबीर, रमेश, महेंद्र सिंह, विकास, विजय सिंह, रामबिलास शर्मा, कैलाश सेठ, राकेश यादव, सूरज, नरेंद्र सिंह उपस्थित रहे।