नारनौल। कक्षा 10वीं की परीक्षा में आधार गणित से उत्तीर्ण करने वाले परीक्षार्थियों की कक्षा 11वीं में गणित विषय का चयन करने के लिए छूट मिलेगी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी की तरफ से सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को इसका पत्र जारी किया गया है।
पत्र में स्पष्ट किया गया है कि बोर्ड की तरफ से पूर्व में भेजे गए पत्र के तहत शैक्षिक सत्र 2023-24 से कक्षा 10वीं में आधार व मानक गणित का प्रावधान करने बारे लिखा गया था। इसके तहत कक्षा 10वीं की परीक्षा आधार गणित से उत्तीर्ण करने वाला परीक्षार्थी आगामी कक्षा 11वीं में गणित विषय का चयन करने से वंचित रहता था।
अब इसी मामले में बोर्ड की तरफ से किए गए प्रावधान के अनुसार शैक्षिक सत्र 2025-26 से कक्षा 11वीं में गणित विषय के चयन के लिए कक्षा 10वीं की परीक्षा मानक गणित से उत्तीर्ण करने की शर्त को हटा दिया है। इस प्रकार अब कक्षा 10वीं की परीक्षा मानक गणित व आधार गणित में से किसी एक गणित से उत्तीर्ण करने वाले सभी परीक्षार्थी कक्षा 11वीं में गणित विषय के चयन व अध्ययन के लिए पात्र होगा।
इसके अलावा कक्षा 10वीं की परीक्षा आधार गणित से उत्तीर्ण करने वाले परीक्षार्थी, जिनको वर्तमान शैक्षिक सत्र 2025-26 में कक्षा 11वीं में गणित विषय का चयन करवाते हुए अस्थाई तौर पर दाखिला दिया गया है, ऐसे सभी परीक्षार्थियों को कक्षा 11वीं में दिया गया दाखिला स्थाई माना जाना है अर्थात् अब मानक गणित की परीक्षा उत्तीर्ण करने की अनिवार्यता नहीं है।
ऐसे में हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड से संबंद्धता प्राप्त आने वाले सभी राजकीय व गैर-राजकीय विद्यालयों के मुखियाओं को बोर्ड स्तर पर किए गए उक्त संशोधन व प्रावधान बारे संबंधित विषय के अध्यापकों व विद्यार्थियों को अवगत करवाने के साथ-साथ कार्रवाई बारे निर्देश जारी किए जाएं।