फोटो नंबर-01श्रावणी उपाकर्म के दौरान जलक्रिया करते विप्रजन। संवाद
नारनौल। श्री गौड़ ब्राह्मण सभा के तत्वावधान गांव नसीबपुर स्थित जेठू बाबा मंदिर में विप्रजनों ने अपना पर्व श्रावणी उपाकर्म वेद मंत्रों के साथ बड़े धूमधाम मनाया।
श्रावणी उपाकर्म शारदा संस्कृत महाविद्यालय के वयोवृद्ध आचार्य देवदत्त शास्त्री के सानिध्य में आयोजित किया गया, जबकि इसकी अध्यक्षता गौड़ सभा के प्रधान एडवोकेट राकेश मेहता ने की। सर्वप्रथम सभी विप्रजनों ने जेठू बाबा मंदिर के तालाब में जलक्रिया के दौरान वेद मंत्रों के द्वारा सभी नदियों का आह्वान कर ऋषि तर्पण व पितृ तर्पण किया। इसके बाद सभी ब्राह्मणों ने सप्त ऋषियों का पूजन व हवन कर नए यज्ञोपवीत धारण किए। आचार्य क्रांति निर्मल ने वेद मंत्रों का उच्चारण कर श्रावणी कार्यक्रम संपन्न करवाया।
कार्यक्रम के दौरान आचार्य देवदत्त शास्त्री ने शारदा संस्कृत महाविद्यालय के 11 नए ब्रह्मचारियों को यज्ञोपवीत धारण करवाए। इस मौके पर आचार्य देवदत्त शास्त्री ने कहा कि आज श्रावणी पर्व ब्राह्मणों का सबसे बड़ा पर्व है। उन्होंने कहा कि इस दिन हम सभी देवताओं व सप्त ऋषियों का पूजन करते हैं और अपनी शुद्धि करते हैं।
कार्यक्रम में जेठू बाबा मंदिर के पुजारी पंडित महेश शर्मा सभी को जेठूबाबा की महिमा के बारे में विस्तार से बताया। इस मौके पर प्रमुख रूप से किशनलाल शर्मा, कृष्ण कुमार शर्मा, सुरेश शर्मा, दयाकिशन शांडिल्य, बद्रीप्रसाद शर्मा, गोपाल कृष्ण शास्त्री, पंडित राजेश नसीबपुर, पंडित राजेश बोहरा, आचार्य बजरंग शास्त्री, दीपक शास्त्रील मौजूद रहे।