महेंद्रगढ़। शहर के इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में लैपटॉप की बिक्री इन दिनों मंदी के दौर से गुजर रही है। कीमतों में बड़ी गिरावट का इंतजार कर रहे ग्राहकों को फिलहाल राहत नहीं मिल रही, जिसका असर कारोबार पर पड़ा है। दुकानों पर ग्राहक दाम, फीचर्स और अलग-अलग कंपनियों के मॉडल की जानकारी लेने पहुंच रहे हैं।
कीमत सुनकर कई ग्राहक खरीदारी का निर्णय बदल रहे हैं या कुछ समय के लिए टाल रहे हैं। दुकानदार सत्यवीर यादव ने बताया कि पूछताछ करने वाले ग्राहकों की संख्या बनी हुई है, लेकिन उसके मुकाबले बिक्री कम हो रही है। शहर में अलग-अलग कंपनियों के लैपटॉप उपलब्ध हैं।
इनकी शुरुआती कीमत करीब 30 हजार रुपये है, जबकि बेहतर प्रोसेसर, अधिक रैम, स्टोरेज, बड़ी स्क्रीन और अन्य आधुनिक सुविधाओं वाले लैपटॉप की कीमत 60 हजार रुपये तक पहुंच जाती है। कंपनी, मॉडल, स्क्रीन के आकार, प्रोसेसर, रैम और स्टोरेज क्षमता के अनुसार रेट अलग-अलग हैं।
उन्होंने बताया कि ग्राहक अपनी जरूरत के अनुसार मॉडल की जानकारी लेते हैं, लेकिन कीमत बताए जाने पर कुछ ग्राहक कम कीमत वाले मॉडल की तलाश करने लगते हैं। पढ़ाई और सामान्य कार्यालय कार्य के लिए ग्राहक अपेक्षाकृत सस्ते मॉडल पसंद कर रहे हैं।
ग्राहक रूपेश और नरेन ने बताया कि लैपटॉप लंबे समय के लिए खरीदा जाता है, इसलिए कीमत के साथ गुणवत्ता और फीचर्स भी देखना जरूरी है। कई ग्राहक कीमतों में गिरावट की उम्मीद में बाजार पर नजर बनाए हुए हैं। दुकानदारों के अनुसार पूछताछ जारी है, लेकिन बिक्री की गति उम्मीद के अनुरूप नहीं है। संवाद