महेंद्रगढ़। ग्रामीण क्षेत्रों में बस यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए परिवहन विभाग ने क्षेत्र के 14 ग्रामीण बस स्टैंडों पर बस क्यू शेल्टर बनाया जाएगा। लंबे समय से ग्रामीण बस स्टैंडों पर यात्रियों को खुले आसमान के नीचे बसों का इंतजार करना पड़ता था। गर्मी में तेज धूप, बरसात के दौरान भीगने और सर्दी में खुले स्थान पर खड़े रहने की समस्या से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है।
विभाग प्रत्येक बस क्यू शेल्टर के निर्माण पर करीब 2.67 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। विभाग की ओर से एस्टीमेट बनाकर उच्च अधिकारियों के पास भेजा गया है। स्वीकृति मिलते ही कार्य शुरू करवाया जाएगा। बता दें कि कई ग्रामीण बस स्टैंडों पर बसों के ठहराव के लिए स्थान तो निर्धारित हैं।
ग्रामीण सुधीर, संजय, प्रमोद, कुलदीप ने बताया कि वर्षों से बस स्टैंडों पर बुनियादी सुविधाओं का अभाव था। बरसात के दिनों में यात्रियों को पेड़ों या दुकानों के सामने खड़े होकर बस का इंतजार करना पड़ता था जबकि गर्मी के मौसम में तेज धूप बड़ी परेशानी बन जाती थी।
इन गांवों में बनाया जाएगा बस क्यू शेल्टर
विभाग की ओर से गांव बास खुडाना, भुरजट, भांडोर नीची, गुलावला, भालखी, पथरवा, निंभेहड़ा, आदलपुर, पालड़ी, भगड़ाना, जोनावास, खातोद, बलायचा, नांगल सिरोही में बस क्यू शेल्टर बनाया जाएगा। इससे यात्रियों को सर्दी, गर्मी, बारिश के मौसम में यात्रियों को बसों के इंतजार करने में आसानी होगी।
-
वर्जन:
रोडवेज विभाग की ओर से 14 ग्रामीण बस स्टैंड पर बस क्यू शेल्टर बनाया जाएगा। इसका एस्टीमेट बनाकर उच्च अधिकारियों के पास भेजा गया है। स्वीकृति मिलते ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
-हरिकिशन, इंचार्ज, बस स्टैंड महेंद्रगढ़