फोटो संख्या:64- हैप्पी कार्ड से बुजुर्ग महिला की काटी पर्ची--स्रोत--स्वयं
महेंद्रगढ़। नारनौल से महेंद्रगढ़ आ रही एक 68 वर्षीय बुजुर्ग महिला के हैप्पी कार्ड दिखाने के बावजूद भी रोडवेज परिचालक ने दुर्व्यवहार करते हुए पूरा टिकट काट दिया। परिचालक ने महिला को अन्य दस्तावेज नहीं दिखाने पर बस से उतारने के लिए बस को भी रुकवा दिया।
नारनौल से महेंद्रगढ़ आ रही 68 वर्षीय बुजुर्ग महिला बुल्ली देवी निवासी मोहल्ला सैनीपुरा ने बताया कि बुधवार को 11 बजे नारनौल बस स्टैंड से भिवानी डिपो की बस में महेंद्रगढ़ आने के लिए बैठी थी। उसके पास हैप्पी कार्ड होने के बाद भी परिचालक ने अन्य दस्तावेज दिखाने को कहा तो उसके पास कोई दस्तावेज नहीं था। उसने कहा कि बस स्टैंड पर पहुंचकर मंगवाकर दिखा देगी। इसके बाद भी परिचालक ने उसके साथ दुर्व्यवहार करते हुए उसे पूरा टिकट लेने के लिए बाध्य किया। अन्य सवारियों ने भी उसकी उम्र को देखते हुए उसके कार्ड को स्वीकार करने का अनुरोध किया परंतु परिचालक ने रास्ते में ही उतारने के लिए बस रुकवा दी। इसके बाद सोचा कि यहां उतरकर कैसे अपने घर पहुंचेंगी इसे अच्छा उसने परिचालक को टिकट बनाने के लिए रुपये निकालकर दे दिए। महिला ने परिचालक की शिकायत रोडवेज जीएम नारनौल सहित परिवहन विभाग, परिवहन मंत्री व सीएम को भी भेजी है।
बुजुर्ग महिला के पास हैप्पी कार्ड होने के बाद भी उसका टिकट बनाने का मामला संज्ञान में आया है। जल्द ही इसकी पूरी जांच कर कर्मचारी के खिलाफ विभागीय नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
अनीत यादव, महाप्रबंधक हरियाणा रोडवेज नारनौल