नगर परिषद नारनौल का अतिरिक्त रूप से कार्यभार देख रहे भवन निरीक्षक भीम सिंह को भी सस्पेंड कर दिया गया है। पिछले करीब डेढ़ माह के दौरान नप के दो वरिष्ठ अधिकारियों की निलंबन कार्रवाई के बाद अब यहां का अन्य स्टाफ सकते में आ गया है।
इससे पूर्व नप के सचिव को भी सस्पेंड किया गया था। सचिव के बाद भवन निरीक्षक के निलंबन के बाद पिछले काफी समय से कई मुद्दों को लेकर चर्चा में चल रही नगर परिषद एक बार फिर सुर्खियों में आ गई है। हालांकि भवन निरीक्षक का निलंबन आदेश डीसी राजनारायण कौशिक द्वारा किया गया है। डीसी द्वारा सोमवार देर शाम जारी किए गए निलंबन आदेश में महज इतना ही लिखा गया है कि भवन निरीक्षक भीम सिंह को तुरंत प्रभाव से निलंबित किया जाता है। डीसी ने अपने इस आदेश की प्रति स्थानीय शहरी निकाय के निदेशक, कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद की प्रधान व नप महेंद्रगढ़ के सचिव को भी प्रेषित किया है।