महेंद्रगढ़। भवन निर्माण मजदूर संघ ने मांगों को लेकर महाराणा प्रताप चौक स्थित कार्यालय में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद इंटक की बैठक आयोजित की गई।
मुख्य वक्ता के रूप में कांग्रेस के जिला अध्यक्ष सत्यवीर यादव झूकीया ने कहा कि श्रम विभाग की साइट को बंद करने से मजदूरों में काफी रोष है। इंटक हमेशा कांग्रेस पार्टी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चली है। यह एक कमेरा वर्ग है। मौजूदा सरकार इनके हकों को दबा रही है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि सरकार श्रमिकों की मांगें नहीं मानती है तो भविष्य में श्रमिक बड़े आंदोलन की तरफ रुख करेंगे।
इंटक के जिला अध्यक्ष विपिन कुमार बसई ने कहा कि पिछले कुछ महीनों से विभाग की साइट बंद है। इसके कारण मजदूरों को कल्याणकारी योजनाएं नहीं रही हैं। सरकार द्वारा अमान्य ढंग से श्रमिकों के पंजीकरण रद्द कर रही, जो बर्दाश्त नहीं होगा। यदि सरकार विभाग की साइट को तुरंत नहीं खोलती है तो आने वाले समय में एक बड़ा आंदोलन करेंगे। इसकी जिम्मेदार सरकार होगी।
महासचिव तेजपाल प्रजापति मालड़ा ने कहा कि विभाग समय-2 पर पोर्टल में बदलाव करता रहता है। सरकार अपनी मनमानी से इस विभाग को चला रहीं हैं और आए दिन नए-नए बदलाव कर मजदूरों के हकों को छीना जा रहा है। बैठक में जिला संरक्षक सुरेश नंबरदार, जिला सचिव संदीप झुक, जिला उपाध्यक्ष कैलाश, जिला सह सचिव राजकुमार, ग्राम प्रधान रामपाल, सुनील हनुमान, सुरेश, कपूर, बिजेंद्र, चरण सिंह, सुभाष, जय प्रकाश, बलबीर, दीपक, रोहित, मुकेश मौजूद रहे।