नारनौल। उप मुख्यमंत्री प्रदेश सरकार के नारनौल जनपद के गांव चिंडालिया डोहर कलां आगमन पर भवन निर्माण कारीगर मजदूर यूनियन हरियाणा संबंधित एआईयूटीयूसी की ओर से विभिन्न मांगाें को लेकर ज्ञापन दिया गया। इसमें नारनौल ब्लाक प्रधान महावीर प्रसाद गोद, रामोतार यादव, संतोष पूर्व पंच, अजय, बंशीधर, सचिन व सुरेश गांधी ने भवन निर्माण मजदूरों व मनरेगा मजदूरों की ज्वलंत समस्याओं के समाधान के लिए सौंपे ज्ञापन में उप मुख्यमंत्री ने मांगों के समाधान का आश्वासन दिया।
इस ज्ञापन में निर्माण श्रमिकों ने बताया कि देश के चंहुमुखी विकास में एक आधारभूत ढांचा खड़ा करने में भवन निर्माण मजदूरों का योगदान अतुलनीय है, लेकिन बड़े-बड़े प्रोजेक्ट्स का अपने हाथों से निर्मित करने वाले शिल्पी के हाथ खाली हैं। मनरेगा के तहत गांव गांव में गांव के गरीबों को काम देने की पुरजोर मांग की गई। उनकी मुख्य मांग भवन निर्माण कारीगर मजदूरों के पंजीकरण के लिए लगाई गई कठोर शर्तों का सरलीकरण किया जाए, 90 दिन की शर्त हटाई जाए, नए पंजीकरण शुरू किए जाए, तस्दीक का काम अधिकारियों के बजाय यूनियन को दिया जाए, भवन निर्माण मजदूरों के हित लाभ देने में गैर जरूरी व अनावश्यक शर्त हटाई जाए और हित लाभ तुरंत दिए जाए, भवन निर्माण मजदूरों की डायरी बनाने का काम कठोर व कड़ी शर्तों के चलते प्राय बंद ही हो गया, जिसे सरलीकृत करते हुए भवन निर्माण मजदूरों की डायरी तस्दीक यूनियन पदाधिकारी को सौंपते हुए तत्काल डायरी बनाने का काम शुरू किया जाए।