फोटो 12 अतरलाल के नेतृत्व में तहसील कार्यालय पर प्रदर्शन करते बसपा कार्यकर्ता। संवाद
मंडी अटेली। हरियाणा सरकार की ओर से प्रस्तावित नकल फार्म फीस वृद्धि के विरोध में बहुजन समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने तहसील कार्यालय पर प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा। विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व बसपा नेता व समाजसेवी अतरलाल एडवोकेट ने किया।
प्रदर्शनकारियों ने हाथों में नारे लिखे पोस्टर लेकर नकल फार्म फीस वृद्धि के विरोध में जोरदार नारे लगाए। इसके बाद अतरलाल की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नाम प्रेषित ज्ञापन तहसील के आरसी हरेंद्र प्रताप को सौंपा। उन्होंने ज्ञापन को तत्काल सरकार को भेजने का भरोसा दिया।
ज्ञापन में सरकार की ओर से प्रस्तावित नकल फार्म फीस वृद्धि को गैर वाजिब, गैर लोकतांत्रिक व घोर जनविरोधी बताते हुए तत्काल वापस लेने की मांग की गई।
इस मौके पर अतरलाल ने कहा कि नकल फार्म की दरों में की गई वृद्धि से किसान, मजदूर, दुकानदार, व्यापारी, महिला, युवा, विद्यार्थी व बेरोजगारों को भारी आर्थिक हानि उठानी पड़ेगी।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में नकल फार्म फीस 10 रुपये है जिसे बढ़ाकर 100 रुपये कर दिया गया है। दो पेज की नकल फीस जो 3 रुपये प्रति पेज थी उसे बढ़ाकर 10 रुपये प्रति पेज और दो पेज से अधिक की दर, जो 2 रुपये प्रति पेज थी उसे भी बढ़ाकर 10 रुपये प्रति पेज कर दिया गया है। तुरंत नकल के लिए 5 हजार रुपये खर्च करने पड़ेंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि सरकार ने 10 दिन के अंदर फीस वृद्धि प्रस्ताव वापस नहीं लिया तो बसपा राज्यव्यापी आंदोलन शुरू करेगी।