नारनौल। नांगल चौधरी क्षेत्र में फेसबुक पर विज्ञापन देखकर भैंस खरीदना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। पीड़ित ने 55 हजार रुपये आरोपी के खाते में डाल भी दिए, लेकिन अब वह 15 हजार रुपये की ओर मांग कर रहा है।
पुलिस शिकायत में नांगल चौधरी के दयाराम ने बताया कि उसने 31 अक्तूबर को फेसबुक पर एक विज्ञापन देखा था, जिसमें एक भैंस बेचने के बारे में लिखा हुआ था। जब उसने विज्ञापन पर लिखे नंबर पर फोन किया तो आरोपी ने अपना नाम सोनू जाट बताया और भैंस के 55 हजार रुपये मांगे। उसके बाद 6 नवंबर को सोनू से संपर्क किया और भैंस की फोटो मांगी। जिसके बाद उनकी तरफ से भैंस की फोटो और वीडियो व्हाट्सएप पर भेजी गई। फोटो और वीडियो देखने के बाद भैंस 55 हजार रुपये में खरीदनी तय हुई। आरोपी ने आधार कार्ड, पैन कार्ड और दूध डेयरी फॉर्म बताने पर उन्होंने विश्वास कर लिया और 5 हजार रुपये एडवांस भेज दिए। आरोपी सोनू ने अपनी दूध डेयरी जयपुर के झोडवाड़ा में बताई। उसके बाद उन्होंने उनके खाते में 21500 रुपये डाल दिए। आरोपियों ने कहा कि भैंस पिकअप में बैठा दी है और पिकअप चालक का नंबर भी दे दिया। इसके बाद पिकअप चालक का फोन आया कि जीपीएस चालू हो गया है, 500 रुपये ओर डाल दो। उसके बाद पिकअप चालक ने दोबारा फोन किया और कहा पूरा भुगतान करने के बाद ही भैंस लेकर आएंगे। जिसके बाद पीड़ित ने भैंस के बचे रुपये भी डाल दिए। लेकिन जब वह भैंस लेकर नहीं पहुंचा तो पिकअप चालक के पास दोबारा फोन किया तो उसने कहा कि 15 हजार रुपये खाते में ओर भेज दे। जिसके बाद पीड़ित पुलिस थाने पहुंचे और ठगी का मामला दर्ज करवाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।